लव जेहाद मामले में पीड़िता का हाथ तोड़ने पर पुलिस ने चार अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, अपहरण का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। पीड़िता एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कुंजलाल गार्डन की 32 वर्षीय महिला रविवार रात घर में बच्ची समेत सो रही थी। रात करीब पौने दो बजे किसी ने उनका दरवाजा खटखटाया। तब महिला ने दो गली छोड़कर रहने वाले अपने भाई को फोन कर बताया कि कोई उनका दरवाजा खटखटा रहा है, वह जल्द आ जाए। कुछ देर बाद फिर दरवाजा खटखटाया गया। महिला का कहना है कि उसने सोचा उसका भाई आ गया होगा। उसने दरवाजा खोला तो चार नकाबपोश सामने खड़े थे। उन्होंने महिला के अपहरण का प्रयास किया और रॉड और लाठी से हमला कर उसका बायां हाथ तोड़ दिया। शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें लगीं। महिला के परिजन पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। बाद में उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। महिला ने शक जताते हुए कहा कि यह साजिश उससे धर्म छिपाकर शादी करने वाले भादरा के अब्दुल हफीज की हो सकती है। उसने 23 अप्रैल को अब्दुल और उसके सात परिजनों पर केस दर्ज कराया था। आरोप है कि केस दर्ज होने के अगले दिन अब्दुल उर्फ हर्ष भाटी चाकू लेकर महिला के घर आया था। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने अब्दुल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। सिटी थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देेने का केस दर्ज किया था।