नाइटडोमिनेशन अभियान के दौरान वाहन की जांच करती पुलिस कर्मी।
- फोटो : Hisar
हिसार। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 4.25 ग्राम हेरोइन, 3 अवैध पिस्तौल, 26 कारतूस और 22 बोतल शराब पकड़ी। पुलिस ने 1796 वाहनों की जांच की।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिले में नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। जिले की अधिकांश पुलिस सड़कों पर थी। इस दौरान शहर और अन्य स्थानों पर नाकेबंदी की गई।
पुलिस ने नाइट डोमिनेशन के दौरान कुल 139 सार्वजनिक स्थान तथा 1796 वाहनों की जांच की। इस दौरान 54 वाहनों के चालान किए गए और कागजात न दिखाने पर एक वाहन को इंपाउंड किया गया। 39 व्यक्तियों के अजनबी पर्चे काटे गए। सीआईए टीम ने कैमरी मार्ग पर रेलवे फाटक के पास से एक युवक को शक आधार पर पकड़ा। आरोपी शास्त्री नगर निवासी अजय की तलाशी ली तो उसके पास से दो अवैध पिस्तौल और 24 कारतूस मिले। पूछताछ के दौरान अजय ने बताया कि पिस्तौल और कारतूस भूना के रहने वाले प्रवीन से 80 हजार रुपये में खरीदे थे। इसके अलावा टीम ने शास्त्री नगर के ही अमित के पास से एक अवैध पिस्तौल और 2 कारतूस बरामद किए। दोनों के खिलाफ आजाद नगर थाना में केस दर्ज करवाया गया। वहीं वाहन चोरी निरोधक टीम ने सदलपुर के बस स्टैंड के पास एक बाइक सवार को शक के आधार पर पकड़ा। सदलपुर निवासी राजेंद्र उर्फ राजू की तलाशी ली गई तो उसके पास से 4.25 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपी के खिलाफ थाना आदमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कराया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान 22 बोतल अवैध शराब बरामद की।