जांच के दौरान कार पर रखी बरामद डेढ़ करोड़ की राशि। स्रोत : पुलिस
हांसी। शहर में बुधवार रात जींद रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 1.56 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। कार में सवार सिरसा के मोहित व सुरेंद्र और फतेहाबाद के साहब सिंह को हिरासत में लिया लेकिन नकदी के स्रोत के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं दे पाए।
डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर सुनीता के नेतृत्व में पुलिस टीम नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जींद बाईपास की ओर से सफेद रंग की एक कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकवाकर तलाशी ली।
इस दौरान कार में रखे दो बैगों से 1,56,49,500 रुपये बरामद हुए। कार सवार नकदी के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। नकदी को जब्त कर मालखाने में रखवा दिया है। जांच के लिए आयकर अन्वेषण निदेशालय, रोहतक को सूचना दी है।