युवती से मारपीट और फोन छीनने के आरोप में तीन महिलाओं पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी आदमपुर। पुलिस ने गांव सीसवाल निवासी युवती के बयान पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और उसका फोन छीनने के आरोप में तीन महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर युवती और उसकी मां के खिलाफ जातिसूचक गाली देने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव सीसवाल निवासी सावित्री ने बताया कि 20 जनवरी सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर पर पढ़ाई कर रही थी। उसी दौरान वंदना अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने के लिए आई और उसे देखते ही कहने लगी कि लगा दे इसे पुलिस अफसर। इस पर वह अंदर चली गई और वंदना उसे गालियां देने लगी। जब वह गली में गई तो सुमन, वंदना और सूरजमुखी ने उसके साथ मारपीट की। उसकी माता बीच बचाव में आई तो उन्हें भी चोट मारी। जब वह फोन में झगड़े का वीडियो बनाने लगी तो उक्त युवतियां फोन छीन ले गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, दूसरे पक्ष की गांव सीसवाल निवासी सुमन ने बताया कि उसकी बहन वंदना वीरवार सुबह करीब 11 बजे कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई तो कमलेश व सावित्री ने उसे जातिसूचक गालियां दी। इसके बाद मां-बेटी दीवार फांदकर घर में आईं और उसे चोट मारी। उसकी मां ने उन्हें छुड़वाने की कोशिश की तो उन्होंने उसे भी चोट मारी एवं जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सुमन के बयान पर कमलेश व सावित्री के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।