हिसार। हिसार से रोहतक (नेशनल हाईवे 9) फोरलेन रोड की कारपेटिंग की जाएगी। यही नहीं रोड बनाने वाली एजेंसी को 5 साल तक इसका रखरखाव भी करना होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से एजेंसी को इस काम का टेंडर अलॉट कर दिया गया है। एजेंसी मानसून के बाद एजेंसी इस काम को शुरू करेगी।
एनएचएआई की तरफ से अपने अधीन आने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव का कार्य ठेके पर करवाया जाता है। चूंकि नेशनल हाईवे 9 का पुराना ठेका खत्म हो गया था। इसके बाद एनएचएआई ने नया टेंडर लगाया था, जो अब अलॉट कर दिया गया है।
रोड बनाने के अलावा ये कार्य भी करने होंगे
इस दौरान एजेंसी को मेन रोड के अलावा सर्विस रोड का भी निर्माण करना होगा। इसके अलावा अगर कहीं बरसाती नाला क्षतिग्रस्त है तो उसकी भी मरम्मत की जाएगी। साथ ही खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को भी ठीक किया जाएगा। हिसार से रोहतक तक यह हाईवे करीब 95 किलोमीटर लंबा है। फिलहाल कई जगहों पर हाईवे टूटा पड़ा है, जिस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले एनएचएआई की तरफ से हिसार से डबवाली नेशनल हाईवे के रखरखाव का भी टेंडर लगाया जा चुका है, जिसके तहत एजेंसी की तरफ से काम भी शुरू किया जा चुका है।
हिसार से रोहतक नेशनल हाईवे की मेंटेनेंस का टेंडर अलॉट हो गया है। अभी मानसून सीजन चल रहा है। यह सीजन खत्म होते ही एजेंसी हाईवे की मेंटेनेंस का काम शुरू कर देगी।
- विपिन मंगला, प्रोजेक्ट निदेशक, एनएचएआई।