हांसी। सुलतानपुर गांव में शुक्रवार शाम एक व्यक्ति की कस्सी के वार से हत्या कर दी गई। उमरा निवासी वजीर का खून से लथपथ शव एक घर में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसएफएल टीम सहित मौका ए वारदात पर पहुंची। वहीं, वारदात के बाद से मकान मालिक परिवार सहित फरार है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार उमरा निवासी 43 वर्षीय वजीर गांव में कारपेंटर का काम करता था। सुलतानपुर गांव में रहने वाले मनु नाम के व्यक्ति के घर वजीर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। वजीर के सिर पर तेज धार कस्सी से वार किए गए हैं। मृतक के स्वजनों के अनुसार मनु ने ही फोन करके वजीर को अपने घर बुलाया था। ग्रामीणों ने बताया वजीर झाड़-फूंक का काम भी करता था। मृतक वजीर अपने पीछे एक पत्नी व चार बच्चों को छोड़ गया है
पुलिस देर रात करीब 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। पुलिस इस मामले में परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद ही आगामी कार्रवाई करेगी। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।