जिले में कार चोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार रात डिफेंस कॉलोनी से भी एक कार चोरी हो गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी है। कार चोरी का एक सप्ताह के भीतर यह तीसरा मामला है। तीन दिन पहले ही हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से दो कारों को चोरों ने चोरी कर लिया था, जिनमें से एक कार पुलिस ने बरामद कर ली है।
गुरुग्राम के पालम विहार निवासी रामफल ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह अपने पंजाब के मानसा निवासी दोस्त मनमोहन सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी लेकर हिसार की डिफेंस कॉलोनी में दोस्त रमेश कुमार के घर आया था। जब बुधवार सुबह देखा तो रमेश के घर के बाहर से गाड़ी चोरी हो चुकी थी। पुलिस ने पीड़ित रामफल की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।