हिसार। देवा गांव के पास शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की उसके पिता के सामने ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बेटे के शव व घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया। जवान बेटे की मौत के बाद पिता अपनी चोटों को भूल गया और पोस्टमार्टम कराने के लिए कभी थाने तो कभी मार्चरी में रोते-बिलखते घूमता रहा। फिलहाल आजाद नगर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान प्रवीन (21) के रूप में हुई है। वह फतेहाबाद जिले के गांव जांडली खुर्द का निवासी था। शनिवार को प्रवीन अपने पिता बिल्लू के साथ बाइक पर सिवानी मंडी जा रहा था। जब वे देवा गांव के पास एक ट्राले को ओवरटेक कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार पहले ट्राले से टकराए और फिर कार की चपेट में आ गए। हादसे में प्रवीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता बिल्लू को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बेटे की मौत से व्यथित पिता ने इलाज कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने चोट छिपाने के लिए सिर पर टोपा लगा लिया। पुलिस प्रवक्ता विकास ने बताया कि अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
सिवानी में ले रखा था कमरा
जिला अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि प्रवीन के पिता बिल्लू ने सिवानी मंडी में सीवरेज बिछाने का ठेका लिया हुआ था और वहीं कमरा किराये पर ले रखा था। पिछले चार दिनों से काम बंद होने के कारण वे घर गए हुए थे। शनिवार को दोनों काम के सिलसिले में सिवानी मंडी जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।