हिसार। कैंसर के इलाज के लिए दिल्ली-चंडीगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में जाने वाले हरियाणा के लोगों का इंतजार अब जल्द खत्म होगा। महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में शीघ्र ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बड़ा कैंसर अस्पताल खोला जाएगा। इस अस्पताल का नाम समता पुरुषोत्तम अग्रवाल कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट होगा और इसका शिलान्यास 5 मार्च को अजंता फार्मा लिमिटेड एवं समता ग्रुप के संस्थापक के साथ-साथ जिंबाब्वे के मुंबई स्थित मानद राजदूत पुरुषोत्तम अग्रवाल करेंगे।
कॉलेज प्रवक्ता ने बताया कि ममता एंड मधुसूदन अग्रवाल फाउंडेशन की पहल पर अस्पताल के शिलान्यास समारोह की अध्यक्षता अजंता फार्मा लिमिटेड के सह संस्थापक एवं वाइस चेयरमैन, समता फाउंडेशन के ट्रस्टी और मुंबई में उगांडा के मानद राजदूत मधुसूदन अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर एसकेएस इस्पात एंड पावर लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनिल गुप्ता, जेनक्रेस्ट के चेयरमैन रवि अग्रवाल, सीजे डारसेल लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के चेयरमैन कृष्ण गोरखपुरिया और श्रीनिवास रोडलाइंस के चेयरमैन व ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कोविड-19 महामारी को देखते हुए शिलान्यास समारोह में सभी तरह की सतर्कता बरती जाएगी और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ-साथ सैनिटाइजर व स्वच्छता के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे।
ओपी जिंदल ने की थी स्थापना
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की स्थापना हरियाणा के पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं प्रसिद्ध उद्योगपति ओपी जिंदल ने थी।
लोगों को मिलेगा लाभ
हरियाणा के लोगों को लंबे समय से कैंसर अस्पताल का इंतजार था। अब उनका यह सपना साकार होगा। इससे हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लोगों को भी लाभ मिलेगा। पांच मार्च को इस अस्पताल का शिलान्यास होगा और निर्धारित समय में इसका निर्माण कर लोकार्पित किया जाएगा।
-डॉ. डीपी वत्स, राज्यसभा सांसद।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का आभार
टाटा मेमोरियल सेंटर के तकनीकी सहयोग से ममता एंड मधुसूदन अग्रवाल फाउंडेशन ने यह बड़ी पहल की है। इसके लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का आभार। अजंता फार्मा परिवार और अग्रवाल समाज की यह पहल आमजन के लिए फायदेमंद होगी।
-सावित्री जिंदल, प्रधान, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज संचालन समिति।