हिसार। इटली में 4 से 7 मार्च तक होने वाली वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में हिसार की पहलवान किरण गोदारा दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए किरण मंगलवार को हिसार से रवाना होंगी। इस सीरीज में किरण हैवीवेट 76 किलोग्राम भारवर्ग में खेलेंगी। किरण महाबीर स्टेडियम में कुश्ती कोच विष्णुदास के पास काफी सालों से प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच ने बताया कि वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के लिए किरण की तैयारी पूरी है। किरण का मुकाबला पांच मार्च को होगा।
गौरतलब है कि 30 से 31 जनवरी तक आगरा में सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। इस प्रतियोगिता मे किरण ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था। उसी प्रदर्शन के आधार पर किरण का वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के लिए चयन किया गया है।