हिसार। नहर में देर रात गांव नियाना तक पानी पहुंच गया है। रविवार को हिसार तक पानी पहुंच जाएगा। सोमवार तक जलघरों में पानी की स्थिति कुछ सुधरेगी। मंगलवार से पानी की आपूर्ति में सुधार होगा। फिलहाल 400 क्यूसिक पानी ही छोड़ा गया है। हर बार 1500 क्यूसिक छोड़ा जाता था। लगभग एक चौथाई पानी ही छोड़े जाने के कारण टैंक पूरी तरह से नहीं भर सकेंगे। पूरी राहत के लिए अभी एक से दो सप्ताह इंतजार करना होगा।
जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन आनंद श्योराण ने बताया कि भाखड़ा नहर की सफाई के कारण एक माह के लिए नहरबंदी लागू कर दी गई थी। नहरबंदी का शेड्यूल 24 मार्च से शुरू हो गया था। शेड्यूल के मुताबिक 23 अप्रैल तक नहरों में पानी छोड़ा जाना था। जनस्वास्थ्य विभाग के महावीर कॉलोनी व कैमरी रोड जलघर से अभी एक दिन छोड़कर ही पेयजल आपूर्ति की जा रही है। आजाद नगर जलघर से पहले की तरह प्रतिदिन पेयजल सप्लाई किया जा रहा है। जलघर में फिलहाल 4 दिन का पानी बचा है। वहीं, एचएसवीपी के तोशाम रोड जलघर से अब कटौती के साथ पेयजल आपूर्ति की जाएगी। सिरसा रोड व सेक्टर 1-4 के जलघर से भी एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। इसके अलावा पुराने शहर में पानी की सबसे अधिक किल्लत है। पड़ाव चौक एरिया में लोगों को दो से तीन दिन बाद पानी मिल रहा है।