बुधवार रात पौने नौ बजे दिल्ली गेट बाजार से घर जा रहे व्यापारी से दो बदमाशों ने कनपटी पर बंदूक लगाकर सवा लाख रुपये लूट लिए। वारदात होते ही व्यापारी ने जैसे ही 100 नंबर पर कॉल की तो शिकायत दर्ज करने वाले पुलिस कर्मी ने पहला सवाल यही किया कि बदमाश के पास कौन सी कंपनी की बंदूक है।
बाजार में देर रात तक आसपास के व्यापारी एकत्रित हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। घटना के आधे घंटे बाद मौके पर सिटी थाना प्रभारी पहुंचे।
सेक्टर 14 निवासी व्यापारी प्रमोद बंसल ने बताया कि उसकी दिल्ली गेट स्थित किरयाणा की थोक की दुकान है। रात 8 बजकर 38 मिनट पर वह दुकान बंद कर राजगुरु मार्केट की तरफ जा रहा था। दुकान से कुछ दूरी पर बालाजी अस्पताल के नजदीक जैसे ही पहुंचा सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी।
बाइक पर दो युवक सवार थे। टक्कर लगने से व्यापारी की बाइक गिर गई। जब वह बाइक उठाने लगा तो इनमें से एक युवक ने उसकी कनपटी पर बंदूक लगा दी और कहा कि यह थैला दे दे। व्यापारी ने बचने की कोशिश भी की और कहा थैले में कुछ नहीं है।
दूसरी बार युवक ने कहा थैला देता है या पांव में गोली मार दूं। डर के मारे व्यापारी ने रुपयों वाला थैला दे दिया। व्यापारी का कहना है कि दोनों युवक राजगुरु मार्केट की तरफ बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। उसने जाने के बाद शोर मचाया और आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए।
जब उसने पुलिस हेल्पलाइन 100 नंबर पर कॉल की तो उसे पूछा गया कि बदमाश कौन सी कंपनी की गन लिए हुए थे। व्यापारी का आरोप है कि कंट्रोल रूम से वीटी करने की बजाय शिकायत सुनने वाला गन की जानकारी हासिल करने में उलझाता रहा।
घटना के आधे घंटे बाद सिटी थाना इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। व्यापारी ने लिखित में पुलिस को शिकायत दी है। सिटी थाना प्रभारी मुकेश ने बताया कि शिकायत मिली है मामले की जांच की जा रही है।
मौके पर मौजूद व्यापारी मूलचंद, संजय गोयल, सतीश, सन्नी और अंकुर ने बृहस्पतिवार को बाजार बंद करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सुबह व्यापारियों से मीटिंग की जाएगी और पुलिस प्रशासन की ढीली कार्रवाई के खिलाफ व्यापारी आंदोलन करेंगे।
व्यापारियों का दावा है कि अधिकतर दुकानों के सामने कैमरे लगे हैं। लुटेरे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। देर रात तक पुलिस दुकानों से सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई थी।