हिसार। ऑटो मार्केट के व्यापारी के साथ 99,224 रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र ने बताया कि वह ऑटो मार्केट में दुकान चलाते हैं। उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग की थी। पांच मार्च को ऑल कार्गो गति कंपनी के माध्यम से एक कूरियर आना था।
समय पर उनका कूरियर नहीं आया तो उन्होंने कूरियर का पता करने के लिए गूगल पर कंपनी का नंबर सर्च कर कॉल की। कॉल उठाने वाले ने खुद को कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताया। जब उनसे कूरियर के बारे में पूछा तो उक्त व्यक्ति ने बताया कि आपने कूरियर पर हिसार का पिन कोड नहीं डाला है। आपको पिन कोड डलवाने के लिए पांच रुपये खर्च करने होंगे।
कूरियर कंपनी के कर्मी ने कहा कि मैं आपको लिंक भेज रहा हूं और आप इस लिंक को ओपन करके पांच रुपये ऑनलाइन डाल दो। इसके बाद आपका कूरियर आ जाएगा। नरेंद्र सिंह ने बताया कि उसने लिंक को ओपन करके पांच रुपये बैंक खाते से डाल दिए।
पांच रुपये उसके खाते से कटते मोबाइल फोन पर ओटीपी आने लगे। साइबर ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर व्यापारी के खाते से 99,224 रुपये निकाल लिए। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर तनेजपाल ने बताया कि साइबर ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।