सिरसा। गांव कोटली में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी 65 वर्षीय पत्नी की मृत्यु होने के बाद रिश्तेदारों और पड़ोसियों को बिना बताए 23 नवंबर को घर में ही शव दफना दिया। शनिवार को पति ने मामले की सूचना सरपंच प्रतिनिधि को दी और पत्नी के अंतिम संस्कार करने की बात कही। इसके बाद सरपंच प्रतिनिधि ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। जिसके बाद उपायुक्त ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात कर महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के आदेश दिए हैं। रविवार को महिला के शव को निकालकर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार कोटली निवासी देवीदयाल की पत्नी गुड्डी देवी टीबी की बीमारी से ग्रसित थी। 23 नवंबर को उसकी मौत हो गई। देवीदयाल ने बिना किसी को जानकारी दिए उसको घर में ही दफना दिया। शनिवार को देवीदयाल ने अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार करने की बात सरपंच प्रतिनिधि देवी सिंह से कही। सरपंच प्रतिनिधि ने मामले की सूचना डिंग थाना पुलिस को दे दी। डिंग पुलिस ने मौके पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया और उपायुक्त को मामले की सूचना दे दी। उपायुक्त ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसका अंतिम संस्कार करने के आदेश दिए। जांच अधिकारी इकबाल सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस तैनात है और रविवार को शव निकलवा कर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।