हिसार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को रिहर्सल में बाेइंग विमान को हिसार एयरपोर्ट पर उतारा गया। मौसम खराब होने का इनपुट मिलने के बाद करीब दस मिनट में ही वायुसेना का बोइंग विमान वापस उड़ गया।
एयरपोर्ट में वन्य प्राणी की जांच के लिए वन्य प्राणी विभाग की टीम व पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाया, जिसमें तीन नीलगाय एयरपोर्ट परिसर से पकड़ कर बाहर निकाली गईं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए एसपीजी की टीम ने गवर्नमेंट ऑफिसर मेस में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। एसपीजी शनिवार को एयरपोर्ट परिसर में रिहर्सल करेगी। शाम के समय नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल भी एयरपोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे।
पीएम 14 अप्रैल को हिसार एयरपोर्ट पर टर्मिनल शिलान्यास व हवाई सेवाओं के उद्घाटन को लेकर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी हिसार पहुंच गई हैं। एसपीजी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित जीओ मेस में एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग (एएसएल) बैठक की, जिसमें पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रबंधों का ब्योरा लिया गया। प्रदेश के 13 जिलों की पुलिस को हिसार बुलाया गया है, जिसमें 11 पुलिस अधीक्षक, 37 डीएसपी, 2,500 पुलिसकर्मी रैली स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। पीएम के कार्यक्रम में चार लेयर की सुरक्षा होगी।
एयरपोर्ट परिसर से वन्य प्राणी निकालने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस की मदद से स्पेशल अभियान चलाया, जिसमें 400 पुलिस कर्मियों ने कांबिंग अभियान चलाया। इनके साथ वन्य प्राणी विभाग की टीम भी रही। इन दोनों टीम ने मिलकर परिसर से तीन नीलगाय को पकड़ा। इसके बाद एयरपोर्ट को वन्य प्राणी मुक्त घोषित किया गया। जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट परिसर को लेकर अपनी रिपोर्ट सीएमओ को भेजी। शनिवार को एसपीजी एयरपोर्ट परिसर को अपने अधीन लेगी। उनके साथ एनएसजी की टीम भी रहेगी। पुलिस, एनएसजी, एसपीजी शनिवार को एयरपोर्ट पर रिहर्सल करेंगी।
10 से 15 मिनट बाद लाैटा बाेइंग विमान
शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे पीएम की सुरक्षा जांचने के लिए बोइंग विमान हिसार एयरपोर्ट पर उतरा। वायुसेना का यह वायुयान करीब 10 से 15 मिनट तक रुका। इस बीच मौसम खराब होने का इनपुट मिलने पर हवाई जहाज वापस उड़ान भरकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया। बोइंग विमान में आए अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर रनवे का मुआयना किया।
आपात लैंडिंग का मिला मैसेज
जानकारी के अनुसार तेज आंधी के दौरान हिसार एयरपोर्ट की एटीसी को एक हेलिकाॅप्टर से इमरजेंसी लैंडिंग का मैसेज मिला। जिसके बाद एयरपोर्ट की आपातकालीन टीमों को अलर्ट किया गया। पुराने रनवे के पास हेलिकॉप्टर को उतरना था। आंधी अधिक तेज व धूल भरी होने के कारण हेलिकाप्टर लैंड नहीं कर सका। दस मिनट बाद दोबारा से मैसेज आया कि हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग नहीं होगी।
शाम करीब पांच बजे नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल एयरपोर्ट परिसर में निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने रैली स्थल का मुआयना किया। एयरपोर्ट परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों व एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ बैठक की। अब तक की गई तैयारियों का ब्योरा लिया। आंधी से रैली स्थल पर हुई बाधा को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए। तैयारियों को शनिवार शाम पांच बजे तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।