हिसार। आदमपुर में वीरवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा जांच के लिए भेजा है।
परिजनों ने नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई है। आदमपुर निवासी मुकेश ने बताया कि उसका 29 वर्षीय भांजा राहुल बुधवार शाम घर से निकला था लेकिन रात को वापस नहीं लौटा। वीरवार सुबह सूचना मिली कि बिजली निगम के खाली पड़े क्वार्टर में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर उसकी पहचान राहुल के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार राहुल नशे का आदी था और उसे कई बार नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा गया था। राहुल मूल रूप से गांव लाडवी का रहने वाला था। उसके पिता सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।