गांव मंढोली खुर्द में बुधवार शाम चूल्हे में ब्लास्ट के बाद बिखरा पड़ा सामान।
सिवानी मंडी। गांव मंढोली खुर्द में बुधवार शाम ईंटों से बने चूल्हे में हुए जोरदार धमाके ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। चूल्हे पर खाना बनाते समय अचानक हुए ब्लास्ट की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि सात से आठ लोग घायल हो गए।
धमाका इतना तेज था कि चूल्हे के ऊपर रखा तवा टुकड़ों में बिखर गया। घायलों को पहले बहल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर करने पर उन्हें हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
गांव मंढोली खुर्द निवासी अनूप ने बताया कि उनका परिवार किराये के मकान में रहता है। बुधवार शाम करीब सवा सात बजे उसकी पत्नी सपना घर में बने ईंटों के चूल्हे पर खाना पका रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। चूल्हे के आसपास रखा खाना और अन्य सामान दूर तक बिखर गया। हादसे में तीन वर्षीय बेटा शिव प्रवेश गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी बाद में मौत हो गई। वहीं सपना, सोनाक्षी, रेनू, मुकेश और कर्णजीत सहित 7 लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों ने सभी घायलों को बहल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सिवानी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बाद में बम निरोधक दस्ता, सीआईए और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच अधिकारी रामस्वरूप ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अनूप का परिवार फेरी लगाकर कबाड़ खरीदने का काम करता है। आशंका है कि कबाड़ में लाए किसी सामान को चूल्हे में जलाया गया हो या वह आसपास रखा हो। हालांकि धमाके के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को करवाया जाएगा।
-
फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। जांच के बाद ही धमाके के कारणों का पता चल सकेगा। - सुरेंद्र कुमार, डीएसपी, सिवानी।