हिसार। उकलाना मंडी में सोमवार रात भाजपा कार्यकर्ता ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। कई राउंड हुई फायरिंग में 5 और युवकों को भी गोलियां लगी हैं। पुलिस के मुताबिक युवकों के साथ हुई कहासुनी के बाद भाजपा कार्यकर्ता ने फायरिंग की है। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
उकलाना थाना प्रभारी पीएसआई कुलदीप ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। उधर चुनावी माहौल में हिंसा होने पर शांति के लिए पुलिस व अर्धसैनिक बलों ने उकलाना मंडी में फ्लैग मार्च निकाला।
उकलाना थाना प्रभारी ने बताया कि सदलपुर निवासी मुकेश कुमार उर्फ मुक्की ने शिकायत दी कि 4 मई को वह अपने साथी भाणा निवासी शुभम व विवेक उर्फ जतिन, सदलपुर निवासी मोनू, बड़ोपल निवासी पवन और बांडाहेड़ी निवासी सोनू के साथ बोलेरो गाड़ी में अपने दोस्त बुढ़ाखेड़ा निवासी दीपक उर्फ बेदी से मिलने गया था। अपने दोस्तों के साथ रात करीब 10:40 बजे उकलाना मंडी में मौजूद था।
इस दौरान दीपक ने बताया कि प्रदीप उर्फ सोनू सोनी उसे परेशान करता है और वह इस समय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास कन्फेक्शनरी की दुकान पर काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर गया है। वे सभी मौके पर पहुंचे। वहां प्रदीप से बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई जिस पर प्रदीप ने पिस्तौल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान सीने में गोली लगने से शुभम की मौत हो गई। जबकि मुकेश की जांघ, विवेक के कंधे, पवन के पेट, सोनू के हाथ और मोनू के कूल्हे पर गोली लगी। सभी घायलों को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इसके अलावा आरोपी प्रदीप के सिर पर चोट आई है। वह पुलिस की निगरानी में निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी ने सीएम के कार्यक्रम स्थलों का लिया जायजा
उधर, पुलिस व अर्धसैनिक बलों ने मंगलवार को उकलाना मंडी में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हुए। यह फ्लैग मार्च शहर के सभी मुख्य रास्तों से गुजरा। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन भी उकलाना मंडी पहुंचे। सीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर उन्होंने कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया। हालांकि अभी सीएम के कार्यक्रम का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने इस वारदात पर संज्ञान देते हुए पेट्रोलिंग बढ़ाने के आदेश दिए हैं।
भाजपा कार्यकर्ता बोला-बचाव में की फायरिंग
भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप ने बताया कि वह दोस्त के पास बैठा था और करीब 10:40 बजे वह घर के लिए चला था। रास्ते में एक दुकान से बच्चों के लिए सामान लिया। जब दुकान से सामान गाड़ी में बैठने लगा तो एक बोलेरो गाड़ी में 7-8 लोग आए। उनके पास डंडे, लोहे की रॉड, चांद आदि थे। प्रदीप का आरोप है कि उन्होंने आते ही फायरिंग की और सिर पर लाठी से हमला किया। बचाव में उसने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से कई फायर किए। हमलावर उसे मारकर चले जाते तो उसके बच्चों का कौन होता।
आशीष बोला-ताऊ के लड़के के कहने पर गया था शुभम
शुभम के भाई आशीष ने बताया कि मेरे ताऊ के लड़के ने शुभम के पास फोन करके कहा कि बेदी की लड़ाई हो गई है तुम उसके पास जाओ। फिर बेदी शुभम को हिसार बाईपास लेने आया। आशीष ने बताया कि शुभम ड्राइवरी करता था और उसका हिसार में एक इंटरव्यू था जिस कारण वह हिसार आया था। आशीष के मुताबिक शुभम ने करीब दो साल पहले लव मैरिज की थी।
शराब पिलाकर बजरंग ने कराई वारदात
शुभम के दोस्त रोहित ने बताया कि वह ऋषि नगर में उसके साथ रह रहा था। शुभम के पास बजरंग का फोन आया। बजरंग ने कहा कि बेदी का झगड़ा हुआ है और वह खुद नहीं आ सकता लेकिन शुभम को जाना होगा। इसके बाद शुभम सोनू के साथ गया। बजरंग ने जतिन, रिस्की, मुखिया, भामू और एक अन्य को भेजा। ये लोग बोलेरो लेकर गए। शुभम व सोनू को बाईपास से गाड़ी में बैठा कर उकलाना मंडी ले गए। बेदी ने वहां पूरी योजना बनाई। बेदी ने पहले उन्हें शराब पिलाई और नशे में यह वारदात कराई।
आरोपी प्रदीप ने 2 मई को भाजपा ज्वाइन की थी
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के मोहन बड़ौली के नेतृत्व में आरोपी प्रदीप ने 2 मई को भाजपा ज्वाइन की थी। कार्यक्रम प्रदीप की तरफ से ही आयोजित कराया गया था। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, पूर्व मंत्री अनूप धानक, श्रीनिवास गोयल आदि शामिल थे। इसी दौरान प्रदीप ने भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया और उसे लड्डुओं से तोला था। उधर आचार संहिता लागू होने के बाद भी प्रदीप ने हथियार क्यों नहीं जमा कराया। यह बड़ा सवाल है।
भाजपा सरकार पूरी तरह चुनाव के माहौल को खराब करना चाहती है। आचार संहिता लगी हुई है तो ऐसे में भाजपा के कार्यकर्ता के पास हथियार कहां से आया। दो दिन बाद उकलाना में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी है। यह प्रशासन की पूरी तरह सुरक्षा में चूक है।
- नरेश सेलवाल, विधायक, उकलाना।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया है। चुनाव के मद्देनजर शहर में फ्लैग मार्च निकाला है।
- सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक