संतनगर निवासी 45 वर्षीय संजय फौगाट वीरवार सुबह सिरसा रोड पर चौथा मिल स्थित फार्म हाउस में मृत मिले। वह भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सोनाली फौगाट के पति थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
संतनगर निवासी सुरेंद्र फौगाट ने बताया कि उनका सिरसा रोड पर चौथा मिल के पास फार्म हाउस है। उनके बड़े भाई संजय बुधवार रात को फार्म हाउस पर गए थे और वहीं सो गए। वीरवार सुबह उनके दूसरे भाई के बेटे इलू ने फोन कर घटना के बारे में बताया। वे फार्म हाउस में गए तो संजय कमरे में बेड पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे। उसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को सूचित किया गया। संजय का शव बाद में सरकारी अस्पताल में लाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया जाएगा।
परिजनों ने फोन पर दी सूचना
घटना के समय संजय की पत्नी सोनाली मुंबई में थीं। परिजनों ने फोन कर उनको घटना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बाद में बताया कि वह हवाई जहाज से करीब सवा चार बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरेंगी और फिर सड़क मार्ग से गाड़ी में हिसार पहुंचेगी। वह रात साढे़ आठ बजे के बाद यहां पहुंची। सोनाली भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और उन्होंने कई धारावाहिकों में अभिनय किया है। उनकी एक बेटी है।
आज होगा संजय का अंतिम संस्कार
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष टीवी एक्ट्रेस सोनाली फौगाट के पति संजय फौगाट की मौत को लेकर वीरवार को शहर में चर्चाओं का बाजार गरम रहा। भाजपा के कुछ नेता इस मौत को संदिग्ध बता रहे हैं। सुसाइड नोट तक मिलने की अफवाह उड़ती रही। हालांकि पुलिस ने इन सभी बातों से इंकार किया है। इधर, पोस्टमार्टम बोर्ड से कराए जाने पर भी सवाल खड़े हो गए। सामान्य मौत के मामले में पोस्टमार्टम एक डॉक्टर ही करते हैं। इस मामले में बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। कुछ लोगों की ओर से मुंह से झाग निकलने की बात कही जा रही है। संजय फौगाट का परिवार मूल रूप से गांव हरिता का रहने वाला हैं। कुछ समय पहले उनका परिवार शहर में शिफ्ट हो गया था। संजय के नाम काफी जमीन थी। सोनाली फौगाट फतेहाबाद जिले के गांव भूथन की रहने वाली हैं।
देर रात पहुंची सौनाली फौगाट
सोनाली फौगाट देर रात हिसार पहुंची। बुधवार को वह काम के सिलसिले में मुंबई थी। परिजनों ने फोन कर उनको घटना के संबंध में जानकारी दी। करीब सवा चार बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंची। रात करीब 9 बजे हिसार पहुंची।
कई सीरियल में अभिनय
सोनाली भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। भाजपा में वह कुछ समय से नलवा विधानसभा एरिया में सक्रिय हैं। करीब तीन माह पहले उन्होंने फार्म हाउस का उद्घाटन किया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेता पहुंचे थे। उन्होंने कई जीटीवी पर प्रसारित होने वाले सीरियल अम्मा सहित कई अन्य धारावाहिकों में अभिनय किया है।
11 बजे अंतिम संस्कार
संजय फौगाट का अंतिम संस्कार शुक्रवार को सुबह 11 बजे बस स्टैंड के पास स्थित श्मशान घाट में होगा। सोनाली फौगाट के मुंबई से देर रात लौटने के कारण वीरवार देर शाम शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम हो सका।
हमने चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया है। विसरा लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
- जगबीर सिंह, एसएचओ, सदर थाना