कार में एक किलो सोना ले जाने वाले दो युवकों से शनिवार दूसरे दिन भी भीलवाड़ा जिले की कोटड़ी पुलिस राज नहीं उगला पाई। इतनी बड़ी मात्रा में सोना लाया कहां से लाया गया और कहां ले जाना था। इसे लेकर आरोपी चुप्पी साधे हुए है। हालांकि पुलिस ने सच्चाई की तह तक जाने के लिए गिरफ्तार दोनों आरोपितों को शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से हिसार के जौहरी बाजार जयपुर निवासी पुनीत सोनी और नोहर (हनुमानगढ़) हाल जयपुर निवासी अमित सोनी को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी बालूराम चौधरी के अनुसार नाकाबंदी में पकड़े जाने के बाद जो बात आरोपितों ने बताई है। वह गले नहीं उतर पा रही। दोनों से अलग-अलग हुई पूछताछ में वह पुलिस को बहका रहे है। सच्चाई का पता लगाने के लिए हिसार और हनुमानगढ़ थाना पुलिस को भी इसकी सूचना भेजी गई है। गौरतलब है कि शुक्रवार को कार की तलाशी में एक किलो 83 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए। सोने के आभूषण अलग-अलग थैली में रखे हुए थे। दोनों को बाद में पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमले और राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। पकड़े गए सोने की कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई जा रही है। यह दोनों अपने आपको सर्राफा व्यापारी बता रहे हैं।