किसानों के बंद के चलते न तो बसें चलीं और न ही ट्रेनें। यही नहीं निजी वाहनों को भी टोल से नहीं जाने दिया गया। इस कारण से आमजन को काफी परेशानी हुई। मजबूरी में वाहन चालक टोल के आसपास के गांवों के कच्चे रास्तों से वाहन निकालते नजर आए। टोल पर आमजन की किसानों के साथ बहसबाजी भी हुई।
उधर, रामायण के पास किसान रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जहां बाजार बंद रहे, वहीं शहर में ज्यादातर बाजार खुले नजर आए। हालांकि जिलेभर में मंडियां बंद रहीं और बोली नहीं हुई।
शहर में एक जगह रोड जाम व तीन जगह हुए धरने-प्रदर्शन
किसान आंदोलन के समर्थन में शहर में एचएयू के गेट नंबर चार के सामने रोड जाम किया गया। इसके अलावा आजाद नगर, नागोरी गेट व बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन किया गया। एचएयू के गेट नंबर चार के सामने विभिन्न संगठनों के कुछ लोगों ने सुबह 11 बजे जाम लगा दिया, जो शाम चार बजे तक जारी रहा। इस जाम के कारण शहरवासियों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, आजाद नगर मार्केट के दुकानदारों ने आंदोलन के समर्थन में सुबह 9 से शाम चार बजे तक दुकानें बंद रखीं। हालांकि शहर की राजगुरु मार्केट में दुकानें खुली रहीं, लेकिन ग्राहकों की संख्या काफी कम रही।
ट्रेनें रहीं रद्द
गाड़ी संख्या 04782 रेवाड़ी-बठिंडा, गाड़ी संख्या 04735 श्रीगंगानगर-बठिंडा पूर्ण रूप से रद्द रहीं। वहीं गाड़ी संख्या 04731 दिल्ली-बठिंडा, गाड़ी संख्या 02555 गोरखपुर-हिसार स्पेशल, गाड़ी संख्या 04729 रेवाड़ी-फाजिल्का, गाड़ी संख्या 04732 बठिंडा-दिल्ली, गाड़ी संख्या 09792 हिसार-जयपुर, गाड़ी संख्या 09791 जयपुर-हिसार, गाड़ी संख्या 04733 रेवाड़ी-श्रीगंगानगर, गाड़ी संख्या 04734 श्रीगंगानगर-रेवाड़ी, गाड़ी संख्या 04835 हिसार-रेवाड़ी, गाड़ी संख्या 04836 रेवाड़ी-हिसार आंशिक रूप से रद्द रहीं।
शाम छह बजे तक रोडवेज बसों का संचालन रहा बंद
किसान आंदोलन को देखते हुए शाम छह बजे तक रोडवेज का चक्का पूरी तरह से जाम रहा। शाम छह के बजे के बाद रास्तों के खुलने पर ही बसों का संचालन शुरू किया गया। दिनभर बसों के न चलने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान निजी बसों का संचालन भी बंद रहा।
अनाज मंडी में नहीं हुई बोली
उधर, शहर की अनाज मंडी में दुकानें खुलीं। किसान भी अनाज लेकर पहुंचे। झराई का काम भी हुआ। मगर मंडी में बोली नहीं हुई। बता दें कि अभी मंडियों में रबी की फसलों की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है।
शहर में ज्यादातर बाजार खुले रहे
शहर में ज्यादातर बाजार खुल रहे, जिनमें शहर की मुख्य राजगुरु मार्केट भी शामिल है। हालांकि बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल कम रही। दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते रहे। मगर आजाद नगर मार्केट के दुकानदारों ने किसान आंदोलन के समर्थन में शाम चार बजे तक दुकानें बंद रखीं और धरना भी दिया।
सिवानी-शहर की पुराना बस स्टैंड नेशनल हाईवे नंबर 52 हिसार राजगढ़ रोड पर बैठे किसान। ...संवाद- फोटो : Hisar