विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह के साथ चयनित विद्यार्थी।
- फोटो : Hisar
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दो विद्यार्थियों का चयन दो वर्षीय स्नातकोत्तर प्रोग्राम में ऑस्ट्रेलिया और स्विट्जरलैंड में डिग्री के लिए हुआ है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह ने विद्यार्थियों के चयन पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि इससे विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त विश्वविद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रयास करेंगे।
विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अधिष्ठाता डॉ. राजवीर सिंह व अंतरराष्ट्रीय मामलों के संयोजक डॉ. दलविंद्र सिंह ने बताया कि टोहाना की रहने वाली छात्रा निशा पुत्री देशराज का चयन स्नातकोत्तर डिग्री प्रोग्राम में हुआ है और वे ऑस्ट्रेलिया के टूवांबा शहर स्थित साउथर्न क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी में अपनी डिग्री पूरी करेंगी। निशा का चयन स्नातकोत्तर के मुख्य विषय कृषि में हुआ है। छात्रा की पढ़ाई से लेकर रहन-सहन तक का सारा खर्च (करीब एक करोड़ रुपये) भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण मंत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा। निशा का चयन उनके द्वारा बीएससी और आइईएलटीएस में प्राप्त स्कोर एवं बैंड के द्वारा हुआ है। कोविड-19 का प्रतिबंध हटते ही निशा पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएगी। इसी प्रकार गांव कैमरी के अमन कड़वासरा पुत्र भीम सिंह का चयन भी स्नातकोत्तर कृषि विषय में हुआ है। वह विश्व की 5वीं वरीयता प्राप्त विश्वविद्यालय ईटीएच, जुरिच (स्विट्जरलैंड) यूरोप में पढ़ाई के लिए जाएगा। अमन ने आइईएलटीएस में नौ में से आठ बैंड हासिल किए हैं, जो विश्व की किसी भी शीर्ष वरीयता प्राप्त विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के लिए पर्याप्त है। इनका चयन स्नातक व जीआरई स्कोर के आधार पर हुआ है।