हांसी। आमजन को अब स्वास्थ्य विभाग से जुड़े प्रशासनिक और विभागीय कार्यों के लिए हिसार के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. राहुल बुद्धिराजा को सिविल सर्जन (सीएमओ) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
इस संबंध में हरियाणा स्वास्थ्य सेवाएं के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार ने करीब 20 दिन पहले हांसी नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन के पद को मंजूरी दी थी, जिससे उपमंडलस्तरीय इस अस्पताल को अब जिला स्तरीय अस्पताल का दर्जा मिल गया है।
इस मंजूरी के साथ ही यहां एक सिविल सर्जन और पांच डिप्टी सिविल सर्जन सहित कुल 85 नए पद स्वीकृत हुए हैं। नए पदों के सृजन से अब स्थानीय स्तर पर निर्णय प्रक्रिया तेज और प्रभावी होगी।
चिकित्सकों की तैनाती और 100 बेड के नए भवन की योजना
वर्तमान में 50 बेड का नागरिक अस्पताल जल्द ही 100 बेड का बनेगा। इसके लिए नए भवन का खाका तैयार किया जा रहा है जबकि मौजूदा भवन की मरम्मत जारी है। अस्पताल में फिलहाल दो एसएमओ और सात एमओ तैनात हैं। विधायक विनोद भयाना के अनुसार, 100 बेड के अस्पताल के अनुरूप नए चिकित्सकों की तैनाती की घोषणा भी जल्द होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग के ये नए पद भी हुए मंजूर
अस्पताल के प्रशासनिक व चिकित्सकीय ढांचे को मजबूत करने के लिए विभिन्न नियमित पद स्वीकृत किए गए हैं। चार उप सिविल सर्जन (चिकित्सा), एक उप सिविल सर्जन (दंत), चार अकाउंटेंट/असिस्टेंट, आठ क्लर्क/कंप्यूटर असिस्टेंट, तीन वरिष्ठ स्टोरकीपर, तीन ड्राइवर, तीन स्टेटिस्टिकल असिस्टेंट और तीन कंप्यूटर क्लर्क। मुख्य फार्मेसी अधिकारी, लेखा अधिकारी, सहायक जिला अटॉर्नी, अधीक्षक, जूनियर स्टैटिस्टिकल नोसोलॉजिस्ट और सैनिटरी मलेरिया इंस्पेक्टर का एक-एक पद स्वीकृत किया गया है।
इसके अलावा मलेरिया विभाग के सुचारू संचालन के लिए एक डिप्टी सिविल सर्जन, बायोलॉजिस्ट, दो लैब टेक्नोलॉजिस्ट व छह एमपीडब्ल्यू सहित 21 पद स्वीकृत किए गए हैं। टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के लिए भी एक डिप्टी सिविल सर्जन, स्टेटिस्टिकल असिस्टेंट, अकाउंटेंट व क्लर्क के पद शामिल हैं।
-
अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधाओं का विस्तार, संसाधनों का बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान मेरी पहली प्राथमिकता होगी। सभी चिकित्सकों और स्टाफ के सहयोग से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। - डॉ. राहुल बुद्धिराजा, सीएमओ, हांसी।