हिसार। जिला नागरिक अस्पताल के वार्ड-4 में छत का प्लास्टर गिरने की घटना के बाद वीरवार को पीएमओ डॉ. रीना जैन ने उपायुक्त महेंद्रपाल से मुलाकात की। उपायुक्त ने बीएंडआर (भवन और सड़कें) विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन ने प्लास्टर गिरने वाली जगह से बेड हटाकर दूसरी जगह रखवा दिया।
वहीं हादसे में घायल खरड़ अलीपुर निवासी पूनम रानी को उपचार के बाद छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वार्ड-4 में अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया था। उस समय पूनम रानी बेड पर थी। प्लास्टर उसके सिर पर गिरने से उसे चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर पीएमओ डॉ. रीना जैन ने वार्ड का निरीक्षण किया था।
अन्य वार्डों में भी जर्जर हालात
जिला नागरिक अस्पताल के अन्य वार्डों में भी छत और भवन की स्थिति चिंताजनक नजर आई। निरीक्षण के दौरान नशा मुक्ति वार्ड की छत जर्जर हालत में दिखाई दी। इसके अलावा टीकाकरण वार्ड की ओर बना छज्जा भी खराब स्थिति में मिला। ऐसे में अन्य हिस्सों में भी वार्ड-4 जैसी घटना की आशंका बनी हुई है।
सात करोड़ के सुंदरीकरण पर उठ रहे सवाल:
अस्पताल भवन के सुंदरीकरण के लिए हाल ही में 7 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था जिसमें करीब आधी राशि खर्च भी हो चुकी है। इसके बावजूद भवन के कुछ हिस्सों में जर्जर स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सुंदरीकरण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले में उपायुक्त से मुलाकात की थीं। उन्होंने बीएंडआर के अधिकारियों को बुलाकर अस्पताल का निरीक्षण करने और मिलने वाली कमियों को दूर करने को लेकर एस्टीमेट बनाने को कहा है।
डॉ. रीना जैन, पीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल