बरवाला/घिराय। बरवाला निवासी गोविंद (38) का शव मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे राजली हेड नहर से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक गोविंद के भाई तरुण सरदाना ने मंगलवार को बरवाला थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि गोविंद मंगलवार सुबह दुकान से उठकर कहीं चला गया था। कुछ देर बाद उसके एक दोस्त के पास फोन आया जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद राजली हेड नहर में मंगलवार को शव दिखाई देने की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान गोविंद के पास सुसाइड नोट मिला। मृतक गोविंद की पत्नी चारु ने इसे जांच अधिकारियों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस इस नोट की सामग्री और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
जांच अधिकारी गौतम ने बताया कि गोविंद के खिलाफ 30 मई को आईपीएल क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके चार दिन बाद मंगलवार को उसका शव नहर में मिला। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। इस घटना से कई सवाल उठ रहे हैं।
-इनसेट -
दो बच्चों का पिता था गोविंद :
जांच अधिकारी गौतम ने बताया कि गोविंद विवाहित था। वह दो बच्चों का पिता था। उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट समेत मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और अन्य परिस्थितियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।