एनएच 9-मिजापुर रोड को चौड़ा करने के लिए डाले गए पत्थर व मिट्टी।
- फोटो : Hisar
धांसू से मिर्जापुर होते हुए नेशनल हाईवे-9 तक रोड का मजबूतीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इस रोड के चौड़ा करने व मजबूतीकरण पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण एजेंसी को इस साल अक्तूबर तक यह काम पूरा करना है। बता दें कि निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के कारण बरवाला रोड को बंद किया जाएगा। इसके विकल्प के तौर पर इस रोड को तैयार किया जा रहा है। चूंकि यह रोड पहले से ही बनी हुई है। अब बीएंडआर की तरफ से रोड का मजबूतीकरण किया जाएगा।
दो हिस्सों में किया जाएगा मजबूतीकरण
दो हिस्सों में बांटकर इस रोड के मजबूतीकरण का काम किया जाएगा। नेशनल हाईवे 9 से लेकर मिर्जापुर तक इस रोड की लंबाई 4.9 किलोमीटर और चौड़ाई साढ़े पांच मीटर है। इस हिस्से पर रोड की चौड़ाई बढ़ाकर सात मीटर की जाएगी। वहीं मिर्जापुर से धांसू तक इस रोड की लंबाई 2.7 किलोमीटर है। इस हिस्से की रोड की चौड़ाई पहले से ही सात मीटर है। इस रोड को मजबूती देने के लिए एक फुट की पत्थरों की परत बिछाई जाएगी। इसके ऊपर तारकोल की दो परत बिछाई जाएंगी।
अक्तूबर तक पूरा करना होगा काम
बरवाला रोड को जल्द से जल्द बंद करने की योजना है। इसे देखते हुए इस रोड का भी तेजी से निर्माण किया जाएगा। हालांकि टेंडर के अनुसार इस रोड को अक्तूबर तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। मगर विभाग का कहना है कि वह निर्धारित समय से पहले इस काम को पूरा कर लेंगे।
हिसार-जींद रोड का भी है हिस्सा
एनएच 9 से लेकर मिर्जापुर तक की रोड हिसार-जींद रोड के अधीन भी आती है। हिसार से जींद वाया नारनौंद भी रोड बनाई जाएगी। इसके तहत भी रोड को चौड़ा व मजबूत किया जाएगा।
तेजी से होगा काम
एनएच 9 से मिर्जापुर के बीच रोड की चौड़ाई बढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया है। चूंकि यह प्रोजेक्ट एयरपोर्ट से भी जुड़ा है तो इस पर तेजी से काम किया जाएगा।
-गौरव जैन, एसडीओ, बीएंडआर।