हिसार। जिला बार एसोसिएशन के 12 जून को प्रस्तावित चुनाव पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने अगले आदेश तक अंतरिम रोक लगा दी है। चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने के बाद बीसीआई ने अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों को तीन दिन के भीतर जवाब दाखिल करने का नोटिस जारी किया है।
शिकायत में आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं चल रही जिससे निष्पक्ष और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। बीसीआई की कार्यकारी समिति ने कहा कि आरोपों की जांच और सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर दिए बिना चुनाव कराना उचित नहीं होगा। बीसीआई ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिला बार एसोसिएशन के चुनाव पर अंतरिम रोक लगा दी है।
बीसीआई ने पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल को निर्देश दिए हैं कि वह एडहॉक कमेटी गठित करे, जो चुनाव और नई कार्यकारिणी के गठन तक बार एसोसिएशन के दैनिक प्रशासन और कार्यालय संचालन की निगरानी करेगी। हालांकि इस कमेटी को बार काउंसिल की पूर्व अनुमति के बिना कोई बड़ा नीतिगत या वित्तीय निर्णय लेने की अनुमति नहीं होगी।
कमेटी के कार्यकारी सदस्य जेएस मल्ही ने बताया कि 23 मई को बीसीआई और पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल को शिकायत भेजी गई थी, जिस पर बुधवार को कार्रवाई हुई। एडहॉक कमेटी की बैठक वीरवार को बुलाई गई है जिसके बाद अधिवक्ताओं की जनरल बॉडी मीटिंग में आगामी रणनीति तय की जाएगी।
चुनाव अधिकारी बोले-आज रखेंगे अपना पक्ष
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी दिलीप जाखड़ ने कहा कि इस मामले में अपना पक्ष वीरवार को प्रस्तुत किया जाएगा। अब अधिवक्ताओं की नजरें बीसीआई के अगले आदेश और आगामी बैठकों पर टिकी हैं। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए वैध उम्मीदवारों की सूची 29 मई को जारी की गई थी। विभिन्न पदों के लिए 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे और 12 जून को 2,763 अधिवक्ताओं मतदान की तैयारी में जुटे थे।