गैंगवार में हुई संदीप उर्फ दीपी की हत्या के मामले में पुलिस तीन दिन बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पुलिस पर मामले में ढील बरतने का आरोप लगा रहे परिजनों ने अल्टीमेटम दिया है कि 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वे आंदोलन का रास्ता पकड़ लेंगे। इस बीच सोमवार को ग्रामीण इस मामले में एसपी से भी मिलेंगे।
गांव बालसमंद निवासी संदीप उर्फ दीपी को 20 अगस्त को बदमाशों ने घर के बाहर गोलियों से भून दिया था। उसकी हत्या 21 अगस्त को कोर्ट में प्रस्तावित गवाही रोकने के लिए कुख्यात बदमाश विनोद पानू गैंग के अरविंद पंडित के इशारे पर की गई।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के ही आरोपियों विकास, अशोक, सतबीर, कपिल, सुनील व अजीत के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस वारदात के तीन दिन बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण मृतक दीपी के परिजनों के सब्र का बांध टूटने लगा है। रविवार को उसकी मां भागो देवी, बहन केलो, भाई मंगतू, कृष्ण, लीलू आदि ने कहा कि पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए गंभीर नहीं है।
हत्यारे खुले में घूम रहे हैं। परिजनों ने चेताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आंदोलन की राह अपना लेंगे। इसके लिए पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम कार्रवाई के लिए दिया गया है।
दूसरी तरफ मृतक के मित्रों ने बताया कि सोमवार को ग्रामीण एकत्रित होकर एसपी से मिल कर हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग करेंगे। पुलिस का रवैया इसी प्रकार ढीला रहा तो आगे कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी।
आरोपियों में एक पुलिस के टच में
संदीप उर्फ दीपी की हत्या के आरोप में पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी वारदात के बाद से ही फरार हैं।
इस बीच पुलिस की छह टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए छिपने के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। नाते रिश्तेदारों से भी पूछताछ हो रही है। मामले की एक टीम की अगुआई कर रहे थाना सिटी प्रभारी प्रदीप यादव ने बताया कि एक हत्या आरोपी पुलिस के टच में है। उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।