जीजेयू में नए कुलपति के आने को लेकर कवायद तेजी से शुरू हो गई है। पिछले दिनों दो दिन लगातार कुलपति पद के आवेदनकर्ताओं को सर्च कमेटी ने प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया था।
जिसके पश्चात 25 अगस्त को दोबारा सर्च कमेटी की बैठक होनी तय हुई। इस बैठक के बाद जीजेयू प्रशासन में नए कुलपति के अगस्त महीने में ही आने की संभावनाएं बन रही हैं। सूत्रों के अनुसार जीजेयू में आने वाले जिन नामों की चर्चाएं तेज हैं। वहीं सालों पहले विवि में प्रोफेसर के तौर पर पढ़ा चुके है।
दो विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों के नामों की चर्चा
जीजेयू में पंजाब विश्वविद्यालय व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों की नामों की चर्चा इन दिनों विवि में बनी हुई है। जिन दो प्रोफेसरों के नामों की चर्चा है वह कुछ वर्षों पहले विवि में पढ़ा चुके है। ऐसे में वह जीजेयू के वातावरण से भली भांति परिचित है। लेकिन दोनों में से किसके नाम पर मुहर लगती है या किसी अन्य को चुना जाता है। इसका फैसला 25 अगस्त को होगा।
तीन सदस्यों के नामों की हो सकती है सिफारिश
जीजेयू के कुलपति की नियुक्ति को लेकर सर्च कमेटी की प्रक्रिया आखिरी चरण में चल रही है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि सर्च कमेटी की आगामी बैठक में तीन प्रोफेसरों के नामों का चयन किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो अगस्त महीने के अंदर ही जीजेयू में नियमित कुलपति का चयन हो जाएगा और वह अपना कार्यभार संभाल लेंगे।