हिसार। भेरिया माइनर तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार जिला पार्षद प्रतिनिधि संदीप धीरनवास को मंगलवार को पुलिस ने सिविल जज कम ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट जसप्रीत कौर की अदालत में पेश किया जहां से जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए। आजाद नगर थाना पुलिस ने अदालत में जमानत का विरोध नहीं किया। दूसरी ओर किसान संगठनों ने लघु सचिवालय के बाहर धरना दिया। जमानत मिलने के बाद संदीप धरना स्थल पहुंचे।
संदीप धीरनवास ने 6 सितंबर को भेरिया माइनर का ताला तोड़कर इसमें सरसाना माइनर का पानी छोड़ दिया था। इस पर आजादनगर थाना पुलिस ने आपदा प्रबंधन एक्ट में सोमवार को एडीसी कार्यालय से गिरफ्तार किया था। इसके विरोध में किसान संगठनों ने रात साढ़े नौ बजे तक थाने में धरना दिया। डीएसपी कमलजीत ने भरोसा दिया कि मंगलवार को संदीप को अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस उनकी जमानत का विरोध नहीं करेगी। इस आश्वासन के बाद किसानों ने धरना स्थगित कर दिया था।