हिसार की बैडमिंटन खिलाड़ी यशिका और सिद्धार्थ।
हिसार। हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप की विद्युत नगर में स्थापित बैडमिंटन नर्सरी के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यशिका और सिद्धार्थ ने रायपुर में आयोजित सीएम ट्रॉफी इंटरनेशनल चैलेंज चैंपियनशिप में एकल व युगल मुकाबलों में भाग लिया। इस प्रतियोगिता से पहले भी इन खिलाड़ियों ने हैदराबाद इंटरनेशनल चैलेंज में शानदार प्रदर्शन किया था। ये दोनों खिलाड़ी कई अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भाग ले चुके हैं। सिद्धार्थ ने युगांडा में आयोजित इंटरनेशनल चैंपियनशिप में युगल मुकाबलों में देश के लिए सिल्वर पदक जीत चुका है। दोनों खिलाड़ी जिला भिवानी के गांव धारवान बास (तोशाम) के निवासी हैं।
इसके अलावा बैडमिंटन नर्सरी के दो खिलाड़ी विजेंद्र और योगेश ने हाल ही में युगांडा व इंडोनेशिया में आयोजित हुई इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेंद्र ने एकल मुकाबले में रजत पदक जीता व इंडोनेशिया में दोनों खिलाड़ी क्वार्टर फाइनलिस्ट रहे। इन सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर हरियाणा व देश का नाम रोशन करने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर, आईएएस पीसी मीणा ने बधाई दी और बताया कि खिलाड़ियों के उत्तम अभ्यास के लिए बैडमिंटन हाल का विस्तार किया जा रहा है।
तीन नए कोर्ट निर्माणाधीन हैं, जो दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे और पूरे हाल को एयर कंडीशन किया गया है, ताकि गर्मियों में भी खिलाड़ियों को अभ्यास में कोई परेशानी न आएं। खिलाड़ियों के लिए नया जिम हाल का निर्माण भी किया जा रहा है। जिसमें अभी दी गई जिम मशीनों के अलावा और एडवांस जिम मशीन भी लगाई जाएगी। इन सभी खिलाड़ियों के साथ-साथ लगभग 100 खिलाड़ियों को विद्युत नगर में स्थापित हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप की बैडमिंटन नर्सरी में कोच व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार व वीरेंद्र कुमार द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।