हांसी। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने नागरिकों को फर्जी टैक्स रिफंड लिंक के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों को लेकर सतर्क किया है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में ई-मेल, एसएमएस व व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे जा रहे फर्जी लिंक के जरिए आयकर रिफंड का झांसा देकर लोगों को ठगा जा रहा है।
एसपी ने बताया कि साइबर ठग ऐसे लिंक भेजते हैं जिनमें लिखा होता है आपका इनकम टैक्स रिफंड पेंडिंग है, इसे प्राप्त करने के लिए यहां क्लिक करें। जैसे ही कोई व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करता है, उसके मोबाइल या कंप्यूटर में मौजूद संवेदनशील जानकारी जैसे बैंक खाता विवरण, डेबिट/क्रेडिट कार्ड नंबर, पासवर्ड, ओटीपी आदि साइबर ठगों के पास पहुंच जाती है। कुछ मामलों में साइबर अपराधी पीड़ित को रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड करने के लिए भी कहते हैं, जिससे वे मोबाइल या कंप्यूटर को पूरी तरह नियंत्रित कर लेते हैं और बैंक खातों से पैसे निकाल लेते हैं।
ये सावधानी बरतें
एसपी अमित यशवर्धन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की टैक्स रिफंड संबंधी जानकारी केवल आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.incometax.gov.in से ही प्राप्त करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, चाहे वह ईमेल, एसएमएस या व्हाट्सएप पर क्यों न मिला हो। बैंक, आयकर विभाग या कोई भी सरकारी संस्था आपसे कभी भी पासवर्ड, ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगती।
अगर आपको कोई संदिग्ध लिंक या कॉल प्राप्त होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in
पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।