खैरमपुर गांव में ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा विवाहिता को साजिश के तहत मारने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। महिला को घायल हालत में मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने महिला के बयान पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामले को लेकर लड़की पक्ष के लोगों आरोपियों के खिलाफ सत कार्रवाई की मांग को लेकर जिला पुलिस कप्तान से भी मिले।
पुलिस को दिए बयान में भाणा निवासी अंजना ने बताया कि उसकी शादी 2012 में खैरमपुर निवासी नरेंद्र के साथ थी। शादी के बाद ही उसे पति नरेंद्र, सुसर रमेश, सास रोशनी, देवर सुरेंद्र, देवरानी फिरमा देवी तंग करने लगे। कई बार उसे मारपीट कर घर से निकाला गया, लेकिन पंचायती तौर पर मामले को सुलझाया गया। सुसराल पक्ष के लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। उसके पति ने हाल ही में एमबीए पास की है और नौकरी के लिए चक्कर काट रहा है।
उसके पति ने 19 जून को उसे कहा कि अपने मायके भाणा जाकर 35 लाख रुपये लेकर आ। उसने ऐसा करने से मना किया तो 20 जून की रात को पति सहित अन्य लोगों ने रात को उसके गले में चुन्नी डालकर मारने की कोशिश की।
उसने शोर मचाया तो पड़ोसी जाग गए। पड़ोस के लोगों ने मामले की सूचना उसके पिता संतलाल को दी। सूचना मिलते ही उसका पिता संतलाल, भाणा गांव का सरपंच संजय खिचड़ व खैरमपुर का सरपंच जगदीश भादू मौके पर पहुंचे और उसे एक कमरे में बेहोशी की हालत में पाया।
उसे उसके पिता व सरपंच ने हिसार के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया, जहां पर महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला के बयान पर पति सहित छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
जितेंद्र खटकड़, डीएसपी