हिसार। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जिलास्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिताओं के पहले चरण में हरसुखपुरी स्टेडियम में एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शनिवार को विभिन्न मुकाबले हुए, जबकि प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा। इसके बाद 3 से 10 अगस्त तक दूसरे चरण की प्रतियोगिताएं महाबीर स्टेडियम सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर आयोजित होंगी।
दूसरे चरण में अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां भाग लेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन की अध्यक्षता में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनके सुचारु संचालन के लिए 29 अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों को संबंधित अधिकारियों को 3 से 10 अगस्त तक खेल ड्यूटी के लिए कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी नियुक्त अधिकारियों को 3 अगस्त सुबह 9 बजे निर्धारित स्थल पर रिपोर्ट करना होगा। ग्राउंड मार्किंग के लिए उन्हें आयोजन समिति के जिला सचिव एवं पीएमश्री जीएसएसएस गंगवा के प्रधानाचार्य जयभगवान तथा सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) शक्तिवेश आर्य को रिपोर्ट करनी होगी।
आयोजन समिति में प्रधानाचार्य, सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल), पीजीटी (शारीरिक शिक्षा), टीजीटी और शारीरिक शिक्षा सहायकों सहित 29 अधिकारी शामिल हैं। अधिकांश अधिकारियों को जूरी ऑफ अपील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।