बाइक रेसिंग की नेशनल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने वाला हिसार का बेटा अभिमन्यु गौतम अब एशियन कप ऑफ रोड रेसिंग में हिस्सा लेगा। अभिमन्यु उत्तर भारत का पहला बाइक रेसर है, जिसने किसी नेशनल प्रतियोगिता में पोजिशन हासिल की। इसी प्रदर्शन के दम पर अभिमन्यु का एशियन कप के लिए चयन हुआ है। 29 नवंबर से एक दिसंबर तक नोएडा के बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट ट्रैक पर आयोजित होने वाली एशियन कप ऑफ रोड रेसिंग में 8 देशों के 2-2 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
इन देशों में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूजीलैंड, मलेशिया, श्रीलंका, थाइलैंड और इंडोनेशिया शामिल हैं। भारत से अभिमन्यु के अलावा चेन्नई के वेंकट का चयन हुआ है। किसी भी बाइक रेस प्रतियोगिता में तीन राउंड होते हैं, जिनमें प्रदर्शन के आधार पर मिले अंकों के हिसाब से विजेता घोषित किए जाते हैं। हालांकि इस प्रतियोगिता के दो राउंड हो चुके हैं, जो सितंबर माह में ताईवान और थाईलैंड में हुए थे। उनमें भारत की ओर से अलग रेसरों ने भाग लिया था, जबकि तीसरे राउंड के लिए फेडरेशन ने अभिमन्यु का चयन किया है।
नेशनल में 80 रेसरों में पाया था दूसरा स्थान
जून माह में आयोजित हुई नेशनल बाइक रेस प्रतियोगिता में अभिमन्यु ने दूसरा स्थान हासिल किया था। इस रेस में देश के 80 मोटर बाइक रेसरों ने हिस्सा लिया था, जिसमें अभिमन्यु ने दूसरा स्थान हासिल किया था। उत्तर भारत से अब तक नेशनल में हिस्सा तो कई खिलाड़ियों ने लिया, लेकिन कोई पोजीशन हासिल नहीं की थी। अभिमन्यु ने पहली बार कोई पोजीशन हासिल कर उत्तर भारत का पहला बाइक रेसर होने का गौरव हासिल किया। इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर ही एशियन कप के लिए दो बाइकर्स का चयन किया गया था, जिनमें अभिमन्यु और चेन्नई से वेंकट शामिल हैं।
29 को होगी क्वालीफाइंग रेस
नोएडा के बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट ट्रैक पर एफआईएम एशियन कप ऑफ रोड रेसिंग द्वारा आयोजित की जाने वाली एशियन कप ऑफ रोड रेसिंग में 29 नवंबर को क्वालीफाइंग रेस होगी। इस रेस में प्रदर्शन के हिसाब से बाइकर्स को फाइनल रेस में आगे-पीछे खड़ा होने का स्थान मिलेगा। 8 देशों के कुल 16 बाइकर्स इस रेस में हिस्सा लेंगे और 30 नवंबर तथा एक दिसंबर को फाइनल रेस होगी, जिनमें रेसरों को अंक मिलेंगे और उसी आधार पर विजेताओं का फैसला होगा। नोएडा के इस ट्रैक पर फार्मूला-वन रेस का आयोजन भी हो चुका है।
इस तरह होता है खिलाड़ियों का चयन
बाइक रेस के प्रत्येक राउंड के लिए बाइकर का चयन उसी देश की फेडरेशन करती है। प्रत्येक राउंड में एक ही खिलाड़ी को भी भेज सकती है और अलग-अलग खिलाड़ी को भी। भारत की फेडरेशन ऑफ मोटर स्पोर्ट्स क्लब्ज ऑफ इंडिया (एफएमएससीआई) खिलाड़ियों का चयन करती है। इस प्रतियोगिता के दो राउंड हो चुके हैं और यह तीसरा राउंड है। पहला राउंड एक सितंबर को ताईवान में हुआ था और दूसरा राउंड 28 सितंबर को थाईलैंड में हुआ था। इन दोनों राउंड के लिए अलग खिलाड़ी थे, जबकि तीसरे राउंड के लिए एफएमएससीआई ने अभिमन्यु का चयन किया।