फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारियों से चौथ मांगने वाले तीन दोस्त गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
 चिराग फर्नीचर व वोल्गा फूड बेकर्स से 10-10 लाख रुपये की चौथ मांगने के आरोपी बच्ची उर्फ आशीष लाडवा को उसके दो दोस्तों सहित सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के साथ वारदात में शामिल रहा एक युवक गांव लाडवा का ही कृष्ण व दूसरा गांव बडाला निवासी अनवर है। पुलिस ने कृष्ण से 315 बोर का एक पिस्टल भी बरामद किया है। कृष्ण लूट के मामले में हाल ही में जेल से बाहर आया था। पुलिस तीनों को सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी और रिमांड मांगेगी। 
विज्ञापन


पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्र नैन ने बताया कि तीनों दोस्त हैं। इनकी दोस्ती जींद में हुई थी। बच्ची उर्फ आशीष, कृष्ण व अनवर ने फर्जी आईडी पर सिम लेकर चिराग फर्नीचर के मालिक पवन व वोल्गा फूड बेकर्स के मालिक सुरेश कुमार से दस-दस लाख रुपये की चौथ मांगी थी। पुलिस ने लाडवा के दोनों युवकों को गांव से और बडाला निवासी अनवर को सेक्टर 9-11 के पास से गिरफ्तार कर लिया।

अच्छे परिवार से है बारहवीं फेल बच्ची
पुलिस ने बताया कि बच्ची अच्छे परिवार से है। वह 12वीं कक्षा में फेल हो गया था। उसके बाद से उसने आवारागर्दी करना और घूमना शुरू कर दिया।

तीन लाख लूट में भी शामिल था आरोपी
पुलिस ने बताया कि चौथ मांगने के मामले में शामिल युवक लाडवा का कृष्ण लूट मामले में जेल में बंद था। वह 20 दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसने 29 अगस्त 2013 में फ्लेमिंगो मार्केट स्थित राजधानी इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक महेंद्र से 3 लाख रुपये लूटे थे। वारदात के समय महेंद्र अपने घर कार में सवार होकर जा रहे थे। कृष्ण व उसके साथियों ने उनकी गाड़ी के सामने गाड़ी लगाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
विज्ञापन


 महेंद्र की कनपटी पर उन्होंने नकली गन तान दी थी। महेंद्र ने असली गन समझकर रुपयों से भरा बैग लुटेरों को सौंप दिया। बाद में पुलिस ने कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया था। लूट मामले में कृष्ण के साथ महाबीर कॉलोनी निवासी शम्मी, रेलवे कॉलोनी निवासी दीपक और गढ़ी सोरखी निवासी प्रदीप उर्फ काला शामिल थे।

गोपी लाडवा की फर्जी आइडी पर कैंट के सामने से खरीदा था सिम
पुलिस प्रवक्ता हरीश भारद्वाज ने बताया कि बच्ची सहित तीनों दोस्तों का कैंट के सामने स्थित गहलावत मोबाइल गैलरी पर आना-जाना था। बच्ची अकसर वहां से रिचार्ज करवाता था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गोपी नाम के अनपढ़ व्यक्ति का आधार कार्ड और फोटो ली और वहां से सिम खरीद लिया।

अनवर चलाता था भट्ठे पर ट्रैक्टर
चौथ मांगने के मामले में शामिल रहा बडाला निवासी अनवर हांसी के सोरखी स्थित आनंद भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था। अनवर की पारिवारिक स्थिति खराब है।

शॉर्टकट तरीके से रुपये कमाना था मकसद
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों ने मैसेज करने वाले दिन से ठीक तीन दिन पहले ही सिम खरीदा था। तीनों का मकसद शॉर्टकट तरीके से मोटे रुपये कमाने का था।

फर्जी आईडी पर सिम देने वाले पर होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी विकास धनखड़ ने बताया कि फर्जी आईडी पर सिम देने वालों पर पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि बीच-बीच में पुलिस सरप्राइज विजिट कर सिम बेचने वालों को चेक करेगी। फर्जी सिम बेचने वालों पर हर हाल में कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने कहा कि व्यापारी ही व्यापारी का दुश्मन हो गया है। सिम बेचने वाला व्यापारी है और जिन से चौथ मांगी गई है वे भी व्यापारी हैं। अगर आम आदमी अपने कर्तव्य का पालन करेंगे तो अपराध के मामलों में कमी आएगी। उन्होंने पेट्रोल पंप लूट मामले में भी कहा कि पेट्रोल पंप संचालक ज्यादा कैश रात के समय न रखें। अच्छे लॉकर की व्यवस्था करें। कैश बैंक में जमा करवाते समय पुलिस सुरक्षा लें।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें