शहर में लूट, फिरौती और चौथ मांगने जैसी वारदात अब आम बात होती जा रही हैं। पुलिस आम लोगों की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है। शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सिवानी रोड पर गांव चौधरीवास एरिया में बने मेट्रो फ्यूल पंप से तीन नकाबपोश युवक कारिंदों से मारपीट कर 99 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। युवकों ने कारिंदे की कनपटी पर बंदूक लगा दी और वारदात को अंजाम देकर सप्लेंडर बाइक पर बैठकर फरार हो गए। सदर पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अर्बन इस्टेट टू निवासी दिनेश गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे बाइक सवार तीन युवक आए। उन्होंने पेट्रोल पंप के कारिंदे की कनपटी पर गन लगा दी और ऑफिस में रखा कैश लाने की बात कही। डर के मारे कारिंदों ने पंप पर रखी 99 हजार रुपये का कैश लुटेरों को थमा दिया। लुटेरे कैश लेकर बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
लुटेरों के जाने के बाद उन्होंने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को और बाद में मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही आजाद नगर चौकी से एएसआई रमेश पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले के बारे में पूछताछ की और लिंक रोड पर नाकेबंदी करवाई, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए लुटेरेे
सदर पुलिस के एएसआई रमेश ने बताया कि मामले की शिकायत पेट्रोल पंप मालिक ने दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से सीसीटीवी फुटेज मिली है। फुटेज में बाइक सवार तीनों युवक कैद हैं।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन में रोष : आनंद गोयल
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के जिला प्रधान आनंद गोयल ने पंपों पर लूटपाट की वारदात बढ़ती जा रही है। एसोसिएशन पेट्रोल पंपों की कड़ी सुरक्षा की मांग करती है। शनिवार सुबह जो वारदात हुई है, वह निंदनीय है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को फुटेज मिली है, उसमें तीनों युवकों के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ है।