महावीर स्टेडियम में 27 जुलाई से आरंभ हुई सिरसा, हिसार जिले की भर्ती का मंगलवार को आखिरी दिन होगा। अंतिम दिन हिसार शहर के युवाओं की भर्ती होगी। सेना भर्ती के लिए हिसार के 3699 युवाओं ने आवेदन किया है, जिनमें 1755 आवदेन सोल्जर जीडी पद के लिए तथा 1944 आवेदन क्लर्क पद के लिए आए हैं। गौरतलब है कि महावीर स्टेडियम में 27 जुलाई से 8 अगस्त तक सेना भर्ती का समय दिया गया है। हिसार की भर्ती के बाद 3 से 8 अगस्त तक मेडिकल व डॉक्यूमेंटेशन के कार्य को निपटाया जाएगा।
बरवाला के 1392 आवेदकों में से सिर्फ 229 पास
महावीर स्टेडियम में चल रही सेना भर्ती में सोमवार को बरवाला के युवा भर्ती में शामिल होने पहुंचे। 2130 आवेदकों ने भर्ती में शामिल होने के लिए आवेदन किया था, लेकिन सिर्फ 1392 आवेदक पहुंचे। जिनमें से सिर्फ 229 आवेदक ही दौड़ में सफल हो पाए।
जीडी के लिए 796, क्लर्क के लिए 596 ने लगाई दौड़
बरवाला की सेना भर्ती में 796 युवाओं ने सोल्जर जीडी पद के लिए दौड़ लगाई, जिनमें से सिर्फ 113 युवा ही सफल हो पाए, वहीं क्लर्क पद के लिए 596 आवेदकों ने 1600 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। इनमें से 116 युवाओं ने दौड़ पास की। बरवाला के युवाओं की दौड़ प्रक्रिया सुबह 3.25 मिनट पर ही आरंभ कर दी गई तथा इसे 6.15 बजे तक निपटा लिया गया।
एक और युवा ने 4 मिनट 40 सेकेंड में पूरी की दौड़
बरवाला तहसील की भर्ती के दौरान खेदड़ के एक युवा ने 1600 मीटर की दौड़ को सिर्फ 4 मिनट 40 सेकेंड में पूरा कर दिया। यह कारनामा 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले अजय ने किया। अजय ने बताया कि वह राम मेहर सिंह स्टेडियम में रोजाना दौड़ का अभ्यास करता है, तथा वह गरीब परिवार से संबंधित है। गौरतलब है कि अजय से पहले भी सिरसा व हांसी के तीन युवा भी करीब इतने ही समय में 1600 मीटर की दौड़ को पूरा कर चुके हैं।