हिसार। नगर निगम के मुख्य सभागार में 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली एरिया सभा के लिए वीरवार को बैठक हुई। प्रत्येक सभा में कम से कम 10 प्रतिशत वोटरों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इस बैठक में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के 8893 लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा।
इस बैठक में एरिया सभा के चेयरमैन, मेंबर सचिव और नगर निगम के अधिकारियों ने सभाओं के आयोजन, उद्देश्य और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से चर्चा की। इसके बाद सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में एरिया सभा को लेकर स्थान तय करने शुरू कर दिए हैं। इन सभाओं के माध्यम से अधिकारी और पार्षद लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। कई लोगों का कहना है कि ये एरिया सभाएं तभी सफल होंगी जब लोगों की समस्याओं को मौके पर ही समाधान मिलेगा, वरना नागरिकों को ऐसे चक्कर काटने से कोई फायदा नहीं होगा।
बैठक के दौरान सीएमजीजीए अमोल मधुकर ने पीपीटी के माध्यम से एरिया सभा और वार्ड कमेटी की भूमिका व उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एरिया सभा और वार्ड समितियों के गठन का मुख्य उद्देश्य निर्णय लेने की प्रक्रिया में नागरिकों की भागीदारी को सुनिश्चित करना है। इसके अलावा, वार्ड स्तर पर निगरानी और जवाबदेही को मजबूत बनाना है। एरिया सभा के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सत्यापन प्रक्रिया भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वार्ड कमेटी की बैठकों के मिनट्स सदस्य सचिव द्वारा लिखे जाएंगे। इसकी एक प्रति नगर निगम कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही वार्ड कमेटी या एरिया सभा की बैठक की तिथि, समय और स्थान की सूचना पट्ट पर चस्पा करना भी जरूरी होगा। पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट भी अगली बैठक में प्रस्तुत करनी होगी।
अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि वे 16 मार्च से पहले अपना कैलेंडर तैयार कर वार्ड कमेटी की बैठकों की तिथि, समय और स्थान निर्धारित करना सुनिश्चित करें। इस मौके पर अतिरिक्त निगमायुक्त वीरेन्द्र सहारण, पार्षद सरोज जैन, पार्षद मोहित सिंघल, पार्षद डॉ. सुमन यादव, पार्षद संतोष सैनी, पार्षद हरिसिंह सैनी, पार्षद भीम महाजन सहित कई पार्षद मौजूद रहे।
-
वार्ड कमेटी कचरा प्रबंधन के लिए रूट मैपिंग में करेगी सहयोग
बैठक में यह भी बताया गया कि वार्ड कमेटी कचरा प्रबंधन के लिए रूट मैपिंग में सहयोग करेगी और घर-घर जाकर कचरा संग्रहण के प्रति जागरूक करेगी। प्रत्येक वार्ड कमेटी में कम से कम सात सदस्य होंगे। संबंधित वार्ड का पार्षद इसका चेयरमैन होगा जबकि वार्ड के जेई, सीएसआई या एएसआई सहित जनसंख्या के आधार पर अन्य सदस्यों का चयन किया जाएगा। वार्ड कमेटी की बैठकों में विकास कार्य, स्वच्छता, सौंदर्यकरण, स्वास्थ्य और अन्य सार्वजनिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के दौरान एजेंडा तैयार करने की जिम्मेदारी सचिव की होगी और वह इसे नगर निगम कार्यालय तक पहुंचाना सुनिश्चित करेगा। बाद में सभी वार्डों से प्राप्त एजेंडों को एकत्रित कर सरकार को भेजा जाएगा।
-
एजेंडा भी पास किया जाएगा
एरिया सभा की अनुमति से अन्य कोई एजेंडा भी पास किया जा सकेगा। इस संबंध में वीरवार को अतिरिक्त निगमायुक्त वीरेंद्र सहारण ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में सचिव संजय शर्मा, सभी जेई और कर्मचारी मौजूद रहे।
-
एरिया सभा का आयोजन समय अनुसार
नगर निगम क्षेत्र में 50 एरिया सभाएं आयोजित की जाएंगी। 14 मार्च को वार्ड 1 से 5 की बैठक सुबह 10 बजे और वार्ड 6 से 10 की बैठक दोपहर 2 बजे होगी। 15 मार्च को वार्ड 11 से 15 की बैठक सुबह 10 बजे और वार्ड 16 से 20 की बैठक दोपहर 2 बजे होगी।