हांसी: पत्रकारों से बातचीत करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा।
- फोटो : Hisar
भाजपा गठबंधन की सरकार से जनता का विश्वास टूट गया। अविश्वास प्रस्ताव में किसान विरोधी चेहरे बेनकाब हो चुके हैं। यह बात राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कही। वे रविवार को सिसाय गांव के किसान राजबीर के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे थे। किसान राजबीर ने टीकरी बॉर्डर पर आत्महत्या कर ली थी।
हांसी में सिसाय पुल पर पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने कहा कि किसानों के नाम पर वोट मांगने वाले गत दिवस विधानसभा में अगर किसानों के साथ खड़े होते तो नतीजा ही कुछ और होता। सरकार अविश्वास प्रस्ताव भले ही जीत गई हो, लेकिन उसने जनमत खो दिया है। इस अविश्वास प्रस्ताव ने अगले चुनाव में मतदान के लिए जनता की राह को आसान कर दिया है। अविश्वास प्रस्ताव ने दूध का दूध पानी का पानी करने का काम किया है, जो किसानों के पक्ष में थे, वे लोग भी जनता ने देखे और जो लोग सरकार के पक्ष में थे उनको भी जनता ने देख लिया। इस मौके पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य हर्ष मोहन भारद्वाज, धर्मवीर गोयत, हरियाणा कांग्रेस किसान सेल के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राजेश कासनिया, ललित भारद्वाज, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, ओमप्रकाश पंघाल, उमेद लोहान, जयसिंह पली, जस्सी पेटवाड़ आदि मौजूद थे।