हिसार। कांग्रेस में गुटबाजी का एक और मामला सामने आया है। ताजा विवाद जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर लगाए गए होर्डिंग को लेकर खड़ा हुआ है। ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया की ओर से लगाए गए नए होर्डिंग में सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा का फोटो छोटे आकार में जबकि राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला का फोटो बड़े आकार में लगाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता एडवोकेट मुकेश सैनी ने कड़ा रोष जताते हुए प्रदेशाध्यक्ष को शिकायत भेजने की बात कही है।
विवादित होर्डिंग में ऊपर की पंक्ति में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. बीआर आंबेडकर, सुभाषचंद्र बोस और सरदार बल्लभ भाई पटेल के फोटो लगाए गए हैं। नीचे की पंक्ति में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा के फोटो शामिल किए गए हैं। हालांकि होर्डिंग में हिसार के सांसद जयप्रकाश, जिले के तीनों विधायक और शहरी जिला अध्यक्ष को स्थान नहीं दिए पर भी समर्थकों में रोष है।
::::::::::
ग्रामीण जिला अध्यक्ष का यह कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। यह राहुल गांधी द्वारा दिए गए सभी नेताओं को सम्मान और एकजुटता के संदेश का खुला उल्लंघन है। संगठन को मजबूत करने के बजाय गुटबाजी को बढ़ावा दिया जा रहा है। होर्डिंग के चित्रों सहित प्रदेशाध्यक्ष को पत्र भेजा जाएगा और बृजलाल बहबलपुरिया को अपने निर्णय पर आत्ममंथन कर माफी मांगनी चाहिए।- मुकेश सैनी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता
:::::::::::
नए पदाधिकारियों की घोषणा के बाद दबाव आ रहा था और पुराने होर्डिंग में प्रदेशाध्यक्ष का फोटो भी नहीं था। होर्डिंग काफी पुराना हो चुका था, इसलिए प्रोटोकॉल के अनुसार नया होर्डिंग लगवाया गया है। सभी नेताओं को सम्मान दिया गया है और कुमारी सैलजा का फोटो भी शामिल किया गया है। बृजलाल बहबलपुरिया, ग्रामीण जिला अध्यक्ष , कांग्रेस
पहले भी विवादों में रहा कांग्रेस भवन
- नवंबर 2025 में विधायकों के कार्यक्रम पर मुख्य कक्ष बंद करने का मामला।
वोट चोरी मुद्दे पर प्रदर्शन के दौरान मंच संचालन के लिए टकराव।
- 2024 के चुनाव के दौरान सैलजा-रामनिवास राड़ा के फोटो हटाने का विवाद।
- कांग्रेस कार्यालय से सैलजा का फोटो हटाने की पहले भी चर्चा।
- जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि दो अलग-अलग समय पर मनाने पर विवाद।