पशु पकड़ने वाली टीम के सदस्य पर पशु मालिकों ने हमला कर दिया। हमलावर तलवंडी राणा के बताए गए हैं। हमलावरों ने कहा कि तुमने सेक्टर-14 से हमारे पशु क्यों पकड़े। उन्होंने कर्मचारी के घर जाते समय ईंटों से हमला कर दिया। दीप नाम के इस कर्मचारी पर दोनों हमलावरों ने खूब लात-घूंसे भी बरसाए। उसी रोड से गुजर रहे दीप के रिलेटिव ने उस पर हमला होते देख दोनों के चंगुल से छुड़वाया और लहूलुहान हालत में उसे निगम में कमिश्नर के सामने ले गए। कमिश्नर और निगम के एक्सईएन ने भी इसी हालात में युवक को एडीसी के सामने पेश कर दिया। एडीसी ने तुरंत कर्मचारी का प्राथमिक उपचार करवाने और रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए निर्देश दिए हैं।दीप को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
निगम कार्यालय के बाहर बैठकर इंतजार कर रहे थे हमलावर
कर्मचारी ने बताया कि दोनों युवक कार्यालय के बाहर बैठकर उसके आने का इंतजार कर रहे थे। टीम सदस्यों ने पूरा दिन पशु पकड़ने के बाद छुट्टी होने से पहले गाड़ी छोड़ने कार्यालय में आना था। टीम के साथ वह कर्मचारी भी कार्यालय में आ गया। हाजिरी लगाने के बाद जैसे ही वह अपने सिरसा रोड स्थित घर की तरफ जाने लगे तो दोनों युवक पीछे लग गए। उन्होंने मलिक चौक पर कर्मचारी को पकड़ लिया और पीछे से सिर में ईंट मारी।
पहले भी सेक्टर-14 में एकत्रित हो गए थे पशु मालिक
कुछ दिन पहले भी सेक्टर-14 में टीम द्वारा पशु पकड़ने के मामले पर पशु मालिक एकत्रित हो गए थे। टीम सदस्यों ने उस दिन मौके पर पुलिस बुला ली थी। हालांकि पुलिस के मौके पर मौजूद होने से पशु मालिकों की हिम्मत नहीं पड़ी।
निगम की पशु पकड़ने वाली टीम को अंदेशा है कि इस तरह से पूरी जानकारी देने वाला कोई और नहीं या तो कोई मौजूदा कर्मचारी है या फिर कोई पूर्व में पशु पकड़ने वाली टीम के साथ रहने वाला कर्मचारी रहा होगा। कर्मचारी पशु पकड़ने के बाद कहां जाएगा, इस तरह की जानकारी हमलावरों को पहले से हो सकती है। इसी चक्कर में वे निगम कार्यालय के बाहर बैठकर कर्मचारी का इंतजार करने लगे और बाहर निकलते ही उस पर हमला कर दिया।