जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने सहकारी समितियों के असिस्टेंट रजिस्ट्रार को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं। मंत्री ने कहा कि संबंधित विभाग को एआर (असिस्टेंट रजिस्ट्रार) के निलंबन के लिए लिखा जाएगा। एआर सुधीर अहलावत के खिलाफ जन परिवाद समिति की बैठक में शिकायतें आई थीं।
जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल बुधवार को जन परिवाद समिति की बैठक लेने पहुंचे थे। बैठक में जगबीर, जगन्नाथ, जयदियाल, सुनीता देवी सहित कुछ अन्य लोगों ने सोसायटी संचालकों के खिलाफ शिकायत दी थी। इसमें इन लोगों ने असिस्टेंट रजिस्ट्रार सुधीर अहलावत पर भी आरोप लगाए। सोसायटी में पूर्व मंत्री छत्रपाल के चाचा के पैसे भी फंसे हुए हैं। इस मामले में एसडीएम परमजीत की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने इस मामले में उच्च अधिकारियों को जांच के लिए अपनी रिपोर्ट दी। शिकायतकर्ता एआर के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अड़ गए। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि अधिकारी एआर को बचा रहे हैं। आरोपों का जवाब देने आए एआर सुधीर अहलावत ने कहा कि मैं अकेला इसके लिए जिम्मेदार नहीं। मैंने नियमों के अनुसार सोसायटी की प्रापर्टी अटैच कर दी है। गंगवा की स्कॉलर हाउस बिल्डिंग सोसायटी के लोगों ने एआर पर धमकाने के आरोप लगाए। रजिस्ट्रार कार्यालय से किसी तरह का सहयोग न मिलने की शिकायत दी। इसके बाद विकास नगर कॉलोनी के लोगों ने भी एआर पर कई आरोप जड़े। इन लोगों ने रजिस्ट्रार कार्यालय पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि असिस्टेंट रजिस्ट्रार को सस्पेंड करते हैं। संबंधित विभाग को निलंबित करने की सिफारिश की जाएगी। डीसी निखिल गजराज ने कहा कि विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।