हिसार। सफाईकर्मियों ने शनिवार को लगातार17वें दिन शहर के किसी भी हिस्से में न तो कचरा उठया और न ही नगर निगम की टीम को उठाने दिया। शुक्रवार को आईटीआई चौक पर कचरा उठाने की कार्रवाई का विरोध करने के आरोप में पुलिस ने नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान समेत 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
उधर सफाईकर्मियों ने विधायक रणधीर परिहार के आवास पर प्रदर्शन किया। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस की दी रिपोर्ट में नगर निगम के एमई अमित बेरवाल ने सफाई कर्मियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान सुरेंद्र, सन्नी, मनदीप, सोहनलाल, पवन, एचकेआरएन के तहत लगे चालक नीरज, संदीप, मनजीत रानी, सुनील, सोमबीर, विजेंद्र, सुखदेव, सुनील, राजेंद्र, फौजी और सेवा देवी के खिलाफ आठ अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। रिपोर्ट में बताया कि निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा के आदेश पर नगर निगम की टीम शुक्रवार शाम आईटीआई चौक पर जमा कचरा उठाने पहुंची थी।
इस दौरान करीब 100 सफाई कर्मचारियों ने विरोध किया। कुछ कर्मचारी जेसीबी पर चढ़ गए और चालक से बहसबाजी की। इसके चलते टीम बिना कचरा उठाए लौट गई। मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त प्रदीप हुड्डा, एक्सईएन जयवीर डूडी, अमित कौशिक भी मौजूद थे।
सफाई कर्मचारियों ने नलवा विधायक रणधीर पनिहार के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रोष जाहिर किया। कर्मचारियों ने विधायक के भतीजे जितेंद्र से कहा कि वे 17 दिनों से हड़ताल पर बैठे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने ज्ञापन देकर मुख्यमंत्री नायब सैनी तक उनकी मांगों को पहुंचाने की मांग की।