नारनौंद। हांसी-जींद रोड पर शुक्रवार को गांव गुजरबाड़ा के पास अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग ढाणी चदरपुल निवासी 57 वर्षीय मोहन लाल को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। नारनौंद पुलिस ने मृतक के भाई कमल के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाणी चदरपुल निवासी कमल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। उसका भाई मोहन लाल अपनी ससुराल गांव पाली में आया हुआ था। वह 14 मार्च की शाम करीब 6-7 बजे पाली से साइकिल पर घर लौट रहा था। गुजरबाड़ा से हांसी की ओर आते समय किसी अज्ञात वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मोहन लाल को गंभीर चोटें आईं। सूचना के बाद एंबुलेंस से उसे हांसी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को हांसी की मोर्चरी में रखवाया।
शनिवार को मोहनलाल के भाई कमल ने शव की पहचान की। कमल ने बताया कि मोहन लाल को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगी हुई थीं। हादसे में लगी चोटों के कारण ही उसके भाई की मौत हुई है। नारनौंद थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।