हिसार। बाडो पट्टी टोल के शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला की हत्या मामले में टोल कंपनी ने परिजनों की 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग मान ली है। मांग पूरी होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम करवाकर शव लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। उधर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने शिफ्ट इंचार्ज की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट अपलोड की है लेकिन पुलिस ने इस पोस्ट को फर्जी करार दिया है।
बाडो पट्टी टोल के शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला को सोमवार रात करीब 1 बजकर 50 मिनट पर टोल पर आए स्कॉर्पियो सवार चार लोगों ने कुचलकर मार दिया था। इस मामले में संजय शुक्ला के परिजनों ने संजय की पत्नी को मुआवजा व पेंशन देने की मांग की थी। साथ ही परिजन इन मांगों के पूरे होने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाने की बात पर अड़े हुए थे।
सुबह साढ़े 11 बजे शुरू हुई बातचीत
टोल पर बुधवार सुबह संजय के परिजनों, कंपनी के पदाधिकारियों व पुलिस प्रशासन के बीच मांगों को लेकर बातचीत शुरू हुई। यह बैठक दोपहर बाद साढ़े 3 बजे तक चली। इस दौरान कंपनी के पदाधिकारियों ने परिजनों की 20 लाख रुपये की मुआवजे की मांग मान ली। इसमें 10 लाख रुपये तीन दिन के अंदर और बाकी 10 लाख रुपये तीन माह के अंदर दिए जाएंगे। साथ ही तीन माह में पीएफ व पेंशन संबंधी औपचारिकताएं भी पूरी करने का आश्वासन दिया गया। डीएसपी सुमित कुमार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हो गए। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर कंपनी की ओर से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस में शव लेकर परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। बैठक में डीएसपी सुमित कुमार, थाना प्रभारी दलबीर सिंह, संजय शुक्ला के परिजन बृजेश व रोहित और कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।
दो आरोपी हिसार व दो सोनीपत के रहने वाले
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार चारों आरोपियों में से दो हिसार जिले और दो सोनीपत के रहने वाले हैं। हिसार जिले के आरोपियों में एक बहबलपुर व दूसरा सेक्टर 13 का बताया जा रहा है। पुलिस ने इनमें से एक आरोपी को हिरासत में भी लिया हुआ है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा-लॉरेंस गैंग ने करवाई संजय शुक्ला की हत्या
सोशल मीडिया पर अनिल पंडित की ओर से एक पोस्ट अपलोड की गई है जिसमें लिखा गया है कि संजय शुक्ला की हत्या की जिम्मेदारी हम लेते हैं। पोस्ट में लिखा है कि राम-राम भाइयों को... जो हिसार टोल टैक्स पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला का मर्डर हुआ है इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित यूएसए, हरमन संधू, आरडी धालीवाल और बड़ा भाई हैरी बॉक्सर लेते हैं। यह हमारे दुश्मनों की मदद करता था। इसे हमने पहले समझाया था लेकिन यह नहीं माना इसलिए हमने इसे मार दिया। बाकी भी जितने लोग हैं जो हमारे दुश्मनों की मदद करते हैं या तो समय रहते सुधर जाओ, नहीं तो सभी का अंजाम ऐसा ही होगा। साथ में एक ऑडियो भी शेयर किया गया है। इसमें बोलने वाला खुद को अनिल पंडित बता रहा है और कह रहा है कि वह लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है। संजय शुक्ला हमारे दुश्मनों की मदद करता था और उन्हें फाइनेंशियल सपोर्ट करता था। हमने इसे बड़े प्यार से समझाया लेकिन यह नहीं माना। आज हमने इसे इसकी जिंदगी से एग्जिट कर दिया। ऑडियो में कहा गया है कि प्रशासन मेरे परिवार को नाजायज परेशान कर रहा है लेकिन मैं रुकने वाला नहीं हूं। मेरी लड़ाई प्रशासन के खिलाफ नहीं है हमारी लड़ाई देश के दुश्मनों के खिलाफ है। इस पोस्ट में मामले के आरोपी मनोज उर्फ फिल्मी को भी हैशटैग किया गया है।
मुआवजे को लेकर कंपनी व परिजनों में सहमति बन गई जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम करवाकर शव लेकर रवाना हो गए। लॉरेंस गैंग वाली पोस्ट फर्जी है। इस मामले में इस गैंग का कोई संबंध नहीं है। जिस सोशल अकाउंट से यह पोस्ट की गई है, उसकी जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें पूरा प्रयास कर रही हैं।
- सुमित कुमार, डीएसपी, बरवाला।