हिसार। जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से अमृत टू के तहत शहर में 236 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज संबंधी कार्य करवाए जाएंगे। राज्य सरकार के बाद अब केंद्र से बजट को मंजूरी मिल गई है। कुल बजट का एक तिहाई केंद्र व दो तिहाई हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी।
अब विभाग की तरफ से इसका डिटेल एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इसका टेंडर लगाया जाएगा। टेंडर अलॉट होने के बाद एजेंसी कार्य शुरू कर देगी।
बता दें कि अमृत टू योजना के तहत प्रदेश सरकार ने अधिकारियों से एस्टीमेट मांगे थे। इसके बाद अधिकारियों ने 260 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेजा था। मगर राज्य स्तरीय तकनीकी कमेटी (एसएलटीसी) की बैठक में यह एस्टीमेट घटाकर 236 करोड़ रुपये कर दिया था। राज्य की मंजूरी मिलने के बाद इसे केंद्र में गठित कमेटी के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जाना था। पिछले दिनों इस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें इस बजट को मंजूरी दे दी गई।
डीपीआर में करना पड़ा बदलाव
एस्टीमेट में कटौती होने से अधिकारियों को डीपीआर में भी बदलाव करना पड़ा। अब नई योजना के अनुसार शहर में 110 किलोमीटर के बजाय 60 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके तहत करीब 40 साल पुरानी सीवर लाइनों को बदला जाएगा। इसके अलावा हाल ही वैध हुई काॅलोनियों में सीवर लाइन बिछाई जाएगी।
-
शहर में बनाए जाएंगे दो एसटीपी
शहर में दो सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जाएंगे। इसमें एक 25 एमएलटी का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट ऋषि नगर व दूसरा 10 एमएलडी का प्लांट कैमरी रोड पर बनाया जाएगा। 6 डिस्पोजल भी बनाए जाएंगे। ये डिस्पोजल जहाजपुल, नवदीप कॉलोनी, सेक्टर 9-11 के पास व वैध हुई कॉलोनियों में बनाए जाएंगे। इसके अलावा 13 किलोमीटर की ईंटों की बनी सीवर लाइन की सीआईपीपी तकनीक की मदद से मजबूतीकरण का कार्य किया जाएगा।
पेयजल संबंधी कार्यों के बजट को अभी नहीं मिली मंजूरी
अमृत टू योजना के तहत पेयजल संबंधी कार्यों के बजट को केंद्र से मंजूरी नहीं मिली है। शुरुआत में अधिकारियों ने पेयजल के लिए भी 237 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर भेजा था, जिससे घटाकर 199 करोड़ रुपये कर दिया गया था। इसके तहत वैध हुई कॉलोनियों में करीब 20.5 किलोमीटर की लाइन बिछाई जाएगी। पहले 46 किलोमीटर की लाइन प्रस्तावित थी। पुरानी 68 किलोमीटर की लाइन बदली जाएगी, जो पहले 150 किलोमीटर प्रस्तावित थी। इसके अलावा तीन नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। इनमें 18 एमएलडी का प्लांट महाबीर कॉलोनी, 10 एमएलडी का प्लांट सातरोड व 10 एमएलडी का प्लांट आजाद नगर में बनाया जाएगा।
शहर में 9 बूस्टिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जो अग्रसेन कॉलोनी, रामपुरा मोहल्ला, राठी कॉलोनी, आनंद कॉलोनी, मास्टर कॉलोनी, गूगामेड़ी सातरोड, काली माता मंदिर, मिल गेट, मॉडल टाउन एक्सटेंशन में बनाए जाएंगे। इसके अलावा एक स्टोरेज टैंक स्काडा जलघर, एक आजाद नगर व दो सातरोड में बनाए जाएंगे। साथ ही महाबीर कॉलोनी के दो स्टोरेज टैंक की मरम्मत की जाएगी।
अमृत टू के सीवरेज कार्यों के बजट को केंद्र सरकार से भी मंजूरी मिल गई है। मीटिंग की मिनट्स मिलने के बाद डिटेल एस्टीमेट तैयार कर भिजवाया जाएगा। उसे मंजूरी मिलते ही टेंडर लगा दिया जाएगा। बलकार सिंह रेड्ढू, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग