हिसार। अमृत-2 योजना के तहत जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से पेयजल व सीवर की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार की जा रही है। मुख्यालय ने अधिकारियों को 31 जनवरी तक डीपीआर तैयार कर भेजने के आदेश दिए हैं। विभाग की तरफ से तैयार की गई डीपीआर के अनुसार शहर में करीब 80 किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही शहर में नए बूस्टिंग स्टेशन भी प्रस्तावित है। चूंकि इनके निर्माण को लेकर जमीन की जरूरत पड़ेगी तो विभाग की तरफ से इसे लेकर नगर निगम को पत्र भी लिखा गया है।
बता दें कि अमृत दो योजना के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों में पेयजल व सीवर लाइन बिछाई जाएगी। पेयजल लाइन सिर्फ हिसार शहर में ही बिछाई जाएगी, जबकि सीवर लाइन हिसार के अलावा आदमपुर, बरवाला, उकलाना, नारनौंद, हांसी में भी बिछाई जाएगी। अधिकारियों की मानें तो अभी तक तैयार की गई डीपीआर में अभी हाल ही वैध कॉलोनियों को शामिल किया जाना है। अभी इन्हें लेकर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद यह डीपीआर मुख्यालय भेजी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार 10 फरवरी तक यह कार्य पूरा हो जाएगा।
यहां बूस्टिंग स्टेशन बनाने प्रस्तावित
- हनुमान कॉलोनी, सातरोड
- न्यू अग्रसेन कॉलोनी, बालसमंद रोड
- रामपुरा मोहल्ला
- पटेल नगर
- महेश नगर, कैमरी रोड (अमृत एक में प्रस्तावित)
उकलाना की डीपीआर तैयार
विभाग ने उकलाना की डीपीआर तैयार कर दी है। इसके तहत पेयजल लाइन के कार्य पर 18 करोड़ और सीवर लाइन के कार्य पर 18.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार पेयजल लाइन का कार्य अन्य हेड के तहत करवाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक बरवाला की डीपीआर पर कार्य किया जा रहा है।
-
10 फरवरी तक डीपीआर फाइनल कर मुख्यालय भेज दी जाएगी।
- बलविंद्र नैन, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग