बास। दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अमरजीत सिंह की मौत के मामले में मुख्य आरोपी एएसआई सुरेंद्र कुमार को रविवार को अदालत में पेश किया गया। आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं भिवानी के शांति नगर निवासी आरोपी मनोज कुमार का तीन दिन का रिमांड पूरा होने पर उसे अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बास थाना के जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान सुरेंद्र कुमार से वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और फायरिंग से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। सुरेंद्र को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था।
जांच में सामने आया है कि मनोज कुमार ने अपना लाइसेंसी हथियार दोस्त सुरेंद्र कुमार को दिया था। समारोह में इसी हथियार से गोली चलने की आशंका है। हालांकि फायरिंग किस हथियार से हुई और गोली किसने चलाई, इसका खुलासा पूछताछ के बाद होने की संभावना है। पुलिस घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच करेगी।
सिंघवा खास में कुआं पूजन समारोह के दौरान फायरिंग से गई थी जान :
23 सितंबर को सिंघवा खास में कुआं पूजन समारोह के दौरान नाचते समय फायरिंग में रोजला (जींद) अमरजीत सिंह के पैर में गोली लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां 24 सितंबर की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी रिंंकू के बयान पर बास थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। परिजनों की मांग पर मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। बाद में गांव रोजला में अंतिम संस्कार किया गया।