बालसमंद। रावलवास कलां गांव में ट्रांसफार्मर पर बिजली लाइन का काम करते समय करंट की चपेट में आने से असिस्टेंट लाइनमैन (एएलएम) सुरेंद्र निवासी सीसवाला की मौत हो गई। उसके साथ काम कर रहा एचकेआरएन कर्मचारी संदीप घायल हो गया। उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
रावलवास कलां में ट्रांसफार्मर पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सुरेंद्र और संदीप अचानक करंट की चपेट में आ गए। झटका लगने से सुरेंद्र मौके पर ही बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप का अस्पताल में उपचार जारी है।
बड़े भाई अनिल कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुरेंद्र की सरकारी कार्य के दौरान ट्रांसफार्मर ठीक करते समय मौत हुई है। उन्होंने कहा कि घटना में विभाग की कोई गलती नहीं है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह सीसवाला गांव में सुरेंद्र का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एसडीओ धर्मवीर फगेडियां ने बताया कि घटना के समय बिजली की सप्लाई बंद थी। इन्वर्टर या सोलर से आए बैक करंट के कारण हादसा हो सकता है। ट्रांसफार्मर से जुड़े सभी सोलर और इन्वर्टर कनेक्शन की जांच करवाई जाएगी।